भारत-ऑस्ट्रेलिया फाइनल मैच देखने के दौरान नशे में धुत युवक ने अपने ही छोटे भाई की हत्या कर दी, इस दौरान पिता भी घायल हो गया। पुलिस ने मामले की जानकारी देते हुए कहा, यह घटना महाराष्ट्र के अमरावती जिले में हुई। हालांकि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
कहासुनी के बीच छोटे भाई को उतारा मौत के घाट
पुलिस द्वारा मिली जानकारी के मुताबिक, यह घटना अंजनगांव बारी गांव में हुई। जहां परिवार के सदस्य मिलकर भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच क्रिकेट फाइनल देख रहे थे। पुलिस अधिकारी ने कहा, आरोपी प्रवीण ने अपने पिता से मोबाइल फोन छीना, जिसके बाद कहासुनी हुई।
वारदात में पिता भी हुए घायल
इसी दौरान आरोपी ने अपने छोटे भाई पर लोहे की रॉड से हमला किया। जिसके बाद उसकी मौत हो गई। आरोपी ने कहासुनी के बीच हमला किया। घटना में बीच बचाव में आए पिता को भी आरोपी ने घायल कर दिया। अधिकारी ने कहा कि यह वारदात तब हुई जब युवक शराब के नशे में धुत था।
फार्मा कंपनी को रायगढ़ स्थित प्लांट में उत्पादन बंद करने को कहा
नवंबर माह के शुरुआती हफ्ते में महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले में एक फैक्ट्री में आग लगने से 11 मजदूरों की मौत हो गई थी। जिसके बाद फार्मास्युटिकल कंपनी ब्लू जेट हेल्थकेयर को उत्पादन बंद करने और अपने परिसर से ज्वलनशील रासायनिक सामान हटाने का आदेश दिया गया है। यह जानकारी बुधवार को स्थानीय प्रशासन द्वारा दी गई।
फार्मा कंपनी पर यह कार्रवाई महाराष्ट्र प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की रायगढ़ इकाई की सिफारिश पर जिला प्रशासन ने की है। बता दें तीन नवंबर को महाड एमआईडीसी क्षेत्र में कंपनी के संयंत्र में आग लगने से 11 मजदूरों की मौत हो गई थी। जारी नोटिस के मुताबिक, कंपनी को 72 घंटे के भीतर उत्पादन बंद करने और ज्वलनशील रासायनिक सामान हटाने का आदेश दिया गया है।
वहीं अलग कार्रवाई में डिप्टी कलेक्टर ने दो कंपनियों को जल प्रदूषण पैदा करने के लिए उत्पादन बंद करने के भी आदेश दिए हैं। कंपनी के नाले से बड़े पैमाने से रासायनिक पदार्थ निकल रहा था, जिसके कारण नौ नवंबर को महाड में मछलियों की मौत हो गई थी।
गुजरात तट के पास चालक दल के 13 सदस्यों के साथ पाकिस्तानी नाव पकड़ी
भारतीय तटरक्षक बल ने गुजरात तट से दूर अंतरराष्ट्रीय समुद्री सीमा रेखा (आईएमबीएल) के पास भारतीय जल क्षेत्र में घुसपैठ करने के लिए चालक दल के 13 सदस्यों के साथ एक पाकिस्तानी मछली पकड़ने वाली नाव को पकड़ लिया। इन पाकिस्तानी मछुआरों और नाव को जांच के लिए देवभूमि द्वारका जिले में ओखा बंदरगाह लाया जा रहा है। मामला 21 नवंबर का है।
फरक्का में देशी बम विस्फोट में तीन बच्चे घायल
पश्चिम बंगाल में फरक्का के पास बुधवार को तीन बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। वे गेंद जैसी वस्तुओं से खेल रहे थे, तभी धमाका हो गया। पुलिस ने कहा कि यह घटना मुर्शिदाबाद जिले के इमामनगर गांव में हुई और दो महीने के भीतर कच्चे बम विस्फोट की यह दूसरी घटना है। तीनों बच्चों का इलाज पास के जंगीपुर महकमा अस्पताल में चल रहा है। इससे पहले की घटना में 6 अक्तूबर को उत्तर 24 परगना जिले के दत्तपुकुर में एक देशी बम विस्फोट के बाद पांच बच्चे घायल हो गए थे। एनसीपीसीआर ने डीएम से 48 घंटे के भीतर कार्रवाई रिपोर्ट भी मांगी।
पुणे मॉल के बेसमेंट में लगी आग, 7,000 लोगों को निकाला गया
पुणे शहर के एक मॉल के बेसमेंट में स्थित एक रेस्तरां में बुधवार शाम को आग लग गई। इसके बाद लगभग 7,000 लोगों को बाहर निकाला गया। आग लगने की घटना में कोई घायल नहीं हुआ। अग्निशमन विभाग के अधिकारियों ने कहा कि कुछ देर बाद ही आग पर काबू पा लिया गया, लेकिन मॉल के एक हिस्से में धुआं भर आया, जिसके कारण हमें परिसर में मौजूद लगभग 7,000 लोगों को बाहर निकालना पड़ा। फिलहाल आग लगने के कारण का पता नहीं चल पाया है।
असम के तिनसुकिया में सैन्य शिविर के पास ग्रेनेड विस्फोट
असम के तिनसुकिया जिले में बुधवार को एक सैन्य शिविर के गेट के बाहर ग्रेनेड विस्फोट हुआ। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि विस्फोट में किसी के हताहत होने की कोई खबर नहीं है। उन्होंने बताया कि ग्रेनेड विस्फोट शाम को डिराक में एक सैन्य शिविर के गेट के सामने हुआ। अधिकारी ने बताया कि हमारी जानकारी के अनुसार बाइक सवार दो व्यक्तियों ने शिविर के अंदर ग्रेनेड फेंकने की कोशिश की, लेकिन वह बाहर गिर गया और विस्फोट हो गया। मामले की जांच की जा रही है। पुलिस ने आरोपियों को पकड़ने के लिए तलाशी अभियान शुरू कर दिया है।
गुजरात में रिश्वत लेकर शराब ले जाने देने के मामले में सात पुलिसकर्मी बर्खास्त
गुजरात में शराब ले जाने के लिए एक कारोबारी से 20 हजार की रिश्वत लेने के आरोप में तीन पुलिसकर्मियों को निलंबित और सात यातायात पुलिस कर्मचारियों को बर्खास्त कर दिया है। प्रशासन ने यह कदम तब उठाया जब दिल्ली के कारोबारी कनव मनचंदा ने सोशल मीडिया में वीडियो पोस्ट कर कहा कि उनसे नाना चिलोदा सर्कल पर पुलिस ने कार में शराब रखने की एवज में 20 हजार रुपए रिश्वत मांगी, जिसे उन्होंने अरुण हादियोल नामक व्यक्ति को यूपीआई के जरिये पे किया। इसका स्क्रीन शॉर्ट इंटरनेट में वायरल हो रहा है। उल्लेखनीय है कि गुजरात में शराब प्रतिबंधित है।
भाजपा से डरती नहीं कांग्रेस : खरगे
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने ईडी के नेशनल हेराल्ड की संपत्ति अटैच करने के मामले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अंग्रेजों से नहीं डरी तो भाजपा से क्या डरेगी। पार्टी भाजपा का डटकर मुकाबला करेगी। खरगे ने तेलंगाना में आलमपुर में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कहा कि मुझे दुख हो रहा है। पंडित जवाहर लाल नेहरू के शुरू किए गए पार्टी के अखबार नेशनल हेराल्ड की संपत्ति को मोदी ने जब्त कर लिया। यह संपत्ति किसी व्यक्ति की नहीं है। पंडित नेहरू ने आजादी की लड़ाई और लोगों में जागरूकता पैदा करने के लिए यह अखबार निकाला था। मोदी और शाह की सोच है कि यदि नेहरू का अखबार नेशनल हेराल्ड बंद हो जाएगा तो तेलंगाना की जनता डरकर भाजपा और केसीआर को वोट देगी। कांग्रेस कभी नहीं डरेगी।
तमिलनाडु की महिला उद्यमी ने बनाया पहला स्वदेशी होवरक्राफ्ट
तमिलनाडु के कोयंबटूर में रहने वाली एक महिला उद्यमी ने पहला स्वदेशी होवरक्राफ्ट बनाने का दावा किया है। यह जमीन और पानी दोनों पर चल सकता है। यूरोटेक पिवोट सॉल्यूशंस प्राइवेट लिमिटेड की प्रबंध निदेशक सुप्रिता चंद्रसेकर ने कहा कि कोयंबटूर सुलूर झील में स्वदेश निर्मित होवरक्राफ्ट नाव का सफलतापूर्वक परीक्षण किया गया है। यह सभी इलाकों में काम करता है। सुप्रिता चंद्रसेकर ने कहा, होवरक्राफ्ट का निर्माण 'मेड इन इंडिया' योजना के तहत किया गया था। इसकी लागत अंतरराष्ट्रीय कीमतों की तुलना में कम है।
ओडिशा में शिक्षक ने चौथी के छात्र से करवाई जबरन उठक-बैठक, मौत
ओडिशा के जाजपुर जिले के एक सरकारी स्कूल में चौथी कक्षा के एक के छात्र रुद्र नारायण सेठी (10) को जबरन उठक-बैठक लगवाई, जिससे उसकी मौत हो गई। मामला ओरली में सूर्य नारायण नोडल उच्च प्राथमिक विद्यालय है। कुआखिया थाने के एक अधिकारी ने कहा कि उन्हें किसी से कोई शिकायत नहीं मिली है। मामले की जांच करेंगे।
डीपफेक: सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के साथ सरकार तय करेगी नीति
डीपफेक तकनीक के दुरुपयोग के मुद्दे पर केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने सभी प्रमुख सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के प्रतिनिधियों की बृहस्पतिवार को बैठक बुलाई है। अफवाहें व अशांति फैलाने और नागरिकों की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने का बड़ा जरिया बन रही डीपफेक तकनीक के बारे में जताई चिंताओं को देखते हुए यह कदम उठाया गया है। पीएम नरेंद्र मोदी ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) तकनीक से बनाई जा रही डीपफेक सामग्री को लेकर शुक्रवार को भी सावधान किया था और इसके दुरुपयोग को लेकर जागरुकता बढ़ाने का प्रेस से निवेदन किया था।
पहली बार दो डिग्री सेल्सियस के पार पहुंची तापमान वृद्धि
पृथ्वी की तापमान वृिद्ध पहली बार दो डिग्री सेल्सियस की सीमा के पार पहुंच गई। यूरोपियन सेंटर फॉर मीडियम-रेंज वेदर फोरकास्ट्स (ईसीएमडब्ल्यूएफ) के प्रारंभिक विश्लेषण के अनुसार, 17 नवंबर 2023 को वैश्विक तापमान औद्योगिक काल से पहले (1850-1900) के औसत तापमान की तुलना में 2.06 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया। यह एक रिकॉर्ड है। ईसीएमडब्ल्यूएफ में कॉपरनिकस क्लाइमेट चेंज सर्विस की उप निदेशक सामंथा बर्गेस ने एक्स पर लिखा, 17 नवंबर का तापमान 1991 से 2020 के औसत तापमान की तुलना में 1.17 डिग्री सेल्सियस अधिक था।