मणिपुर में चर्च पर हमला, घायलों से मुलाकात करने पहुंचे मुख्यमंत्री
मणिपुर के मुख्यमंत्री युम्नाम खेमचंद सिंह बुधवार को शिजा अस्पताल पहुंचे। उन्होंने थादौ बैपटिस्ट एसोसिएशन चर्च पर हमले में घायल लोगों का हाल जाना। बता दें कि इस हमले में तीन लोगों की मौत हो गई थी और चार अन्य गंभीर रूप से घायल हुए थे। कुकी छात्र संगठन ने इस घटना के विरोध में जिले में अनिश्चितकालीन बंद का आह्वान किया है। मुख्यमंत्री ने हमले की कड़ी निंदा की और दोषियों को सजा दिलाने का आश्वासन भी दिया। उन्होंने सभी से शांति बनाए रखने की अपील भी की।
इम्फाल पश्चिम जिले से प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन के कई सदस्य गिरफ्तार
चर्च पर हमले की इस घटना से इतर भी मणिपुर में हालात संवेदनशील हैं। पुलिस ने बताया कि 12 मई 2026 को सुरक्षा बलों ने प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन केसीपी (पीडब्ल्यूजी) के स्वयंभू संस्थापक अध्यक्ष और संगठन के चार सक्रिय सदस्यों को इम्फाल पश्चिम जिले के लैंगोल क्षेत्र से गिरफ्तार किया। गिरफ्तार किए गए लोगों की पहचान संस्थापक अध्यक्ष लैशराम रणजीत सिंह (52) उर्फ तमंगनबा, ओइनम सोमेंचंद्र सिंह (42), अरंबम बिरकुमार (52), मैबम टोंबा सिंह (39) और चाबुंगबम लमंगनबा मेइतेई (38) के रूप में हुई है। उनके पास से पांच मोबाइल फोन और तीन आधार कार्ड बरामद किए गए।
बम विस्फोट मामले का मुख्य आरोपी भी गिरफ्तार
इसके अलावा भी पुलिस ने एक अन्य कार्रवाई के दौरान प्रतिबंधित उग्रवादी समूह यूएनएलएफ (पी) के सक्रिय कार्यकर्ता को लिलोंग चाजिंग इलाके से गिरफ्तार किया। गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान हिडांगमायुम बेनर्जित शर्मा (24), उर्फ मांजा के रूप में हुई है। मांजा इरिलबंग पुलिस स्टेशन में दर्ज बम विस्फोट मामले का मुख्य आरोपी है। पुलिस ने उसके पास से तीन मोबाइल फोन, 32,500 रुपये नकद, एक आधार कार्ड, यूएनएलएफ (पी) का संगठनात्मक पहचान पत्र और बिना पंजीकरण नंबर के महिंद्रा स्कॉर्पियो-एन वाहन बरामद किया है।
नौसेना प्रमुख ने पूर्वी कमान की तैयारियों को परखा
भारतीय नौसेना प्रमुख दिनेश के त्रिपाठी ने पूर्वी नौसेना कमान का दौरा किया। वह आईएनएस हिमगिरि पर सवार होकर परिचालन तैयारी की समीक्षा की। उन्होंने पूर्वी बेड़े के उन्नत युद्ध अभ्यास देखे। त्रिपाठी ने 'सनराइज फ्लीट' की समन्वय और युद्धक क्षमता की सराहना की। उन्होंने कहा, 'भाप जैसा एहसास होने पर युद्ध की आहट मानकर तैयार और सतर्क रहना चाहिए। (Notice to steam must remain notice to combat)' नौसेना प्रमुख ने युद्धक तत्परता को सर्वोच्च प्राथमिकता बताया। उन्होंने कमान की प्रतिबद्धता की भी प्रशंसा की।