फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Updates: 'राष्ट्रीय विज्ञान पुरस्कार' के लिए नामांकन 28 फरवरी तक; TMC नेता कुणाल घोष बोले- अधीर रंजन BJP एजेंट

Sun, 14 Jan 2024 02:36 PM IST
ज्योति भास्कर न्यूज डेस्क, अमर उजाला, कलबुर्गी (कर्नाटक)

सार

कर्नाटक में भाजपा विधायक की कार हादसे का शिकार हो गई। कलबुर्गी में हुए इस हादसे में भाजपा विधायक बसवराज मत्तीमुद बाल-बाल बचे।  बसवराज गुलबर्ग ग्रामीण सीट से विधायक हैं। एक अन्य घटना पश्चिम बंगाल से सामने आई है। ईडी अधिकारियों की टीम पर हमला मामले में गिरफ्तारी हुई है। पढ़िए आज की बड़ी खबरें
विज्ञापन
रविवार की बड़ी खबरें - फोटो : amar ujala graphics
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

कर्नाटक के कलबुर्गी में हुई कार दुर्घटना में भाजपा विधायक मामूली रूप से घायल हो गए। पुलिस सूत्रों ने बताया कि कलबुर्गी जिले से निर्वाचित भाजपा विधायक बसवराज मत्तीमुद रविवार को उस समय बाल-बाल बचे जब उनकी कार हादसे के बाद पलट गई। पुलिस सूत्रों ने बताया कि भाजपा विधायक को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फिलहाल, उनकी हालत स्थिर है।
विज्ञापन


गुलबर्गा ग्रामीण विधानसभा सीट से विधायक मत्तीमुद की गाड़ी पाला गांव के पास दुर्घटना का शिकार हुई। भाजपा विधायक कुछ अन्य नेताओं के साथ शाहाबाद की तरफ जा रहे थे तभी अचानक उनकी कार पलट गई। विधायक और अन्य लोगों को मामूली चोटें आईं हैं। 

प.बंगाल: ED अधिकारियों पर हमला मामले में दो और लोगों की गिरफ्तारी

ईडी। - फोटो : social media
पश्चिम बंगाल में प्रवर्तन निदेशालय (ED) के अधिकारियों की टीम पर जानलेवा हमला मामले में एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि 5 जनवरी को संदेशखाली में हुई वारदात के सिलसिले में रविवार को दो और लोगों को गिरफ्तार किया गया। इसी के साथ मामले में अब तक कुल चार लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस अधिकारी ने कहा, एक आरोपी को नज़ात में एक मछली पकड़ने के कारखाने से गिरफ्तार किया गया, जबकि दूसरे को उत्तरी 24 परगना जिले के मिनाखा से गिरफ्तार किया गया।

ईडी का आरोप है कि पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले में उसकी टीम पर हमला हुआ। वारदात को संदेशखाली में अंजाम दिया गया। भीड़ के हमले में उसके तीन अधिकारी घायल हो गए और उनका सामान छीन लिया गया। ईडी की टीम जांच के सिलसिले में तृणमूल कांग्रेस नेता शाजहां शेख के परिसर की तलाशी लेने गए थे। ईडी के मुताबिक पश्चिम बंगाल में कथित राशन वितरण घोटाले में आर्थिक अनियमितता की बात सामने आई है।

गुजरात: सड़क किनारे नमाज पढ़ने के आरोप में ट्रक ड्राइवर गिरफ्तार

सड़क किनारे नमाज पढ़ने के आरोप में ट्रक ड्राइवर गिरफ्तार (सांकेतिक) - फोटो : Social Media
गुजरात के बनासकांठा जिले में बिना अनुमति के व्यस्त सड़क के किनारे कथित तौर पर नमाज पढ़ने का मामला सामने आया है। पुलिस ने रविवार को बताया कि आरोप में एक ट्रक चालक को गिरफ्तार किया गया। पालनपुर (पश्चिम) पुलिस थाने के एक अधिकारी ने बताया कि सोशल मीडिया पर वीडियो सामने आने के बाद बाछल खान (37) के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। 

उन्होंने कहा कि पालनपुर शहर के पास एक व्यस्त चौराहे के किनारे खड़े अपने ट्रक के सामने नमाज पढ़ते दिखे बाछल के खिलाफ वायरल वीडियो के आधार पर कार्रवाई की गई। आरोपी ने कथित तौर पर शुक्रवार को राजमार्ग पर एक व्यस्त चौराहे पर ट्रक रोकने के बाद 'नमाज' पढ़ी। उनके खिलाफ भारतीय दंड संहिता (आईपीसी- अब भारतीय न्याय संहिता या BNS) की धारा 283 (सार्वजनिक रास्ते में खतरा), 186 (लोक सेवक को कर्तव्यों के निर्वहन में बाधा डालना) और 188 (लोक सेवक द्वारा विधिवत आदेश की अवज्ञा) के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। आरोपी को शनिवार को गिरफ्तार कर लिया गया।

नशीली दवाओं की खेप मामला: वियतनामी जहाज के चालक दल का सदस्य समुद्र में गिरा

पारादीप बंदरगाह (फाइल) - फोटो : wikipedia.org
ओडिशा के पारादीप बंदरगाह पर 220 करोड़ रुपये की कोकीन जब्त हुई है। पुलिस ने वियतनामी मालवाहक जहाज के चालक दल के सदस्य को हिरासत में लिया है। चालक दल में शामिल एक सदस्य रविवार को समुद्र में गिरने से घायल हो गया। ओडिशा की पारादीप पुलिस ने बताया कि जहाज पर मौजूद वियतनामी चालक दल के 21 सदस्यों को हिरासत में लिया गया है। जहाज सीमा शुल्क विभाग की निगरानी में है और बंदरगाह से 4-5 किमी दूर लंगर डाला गया है।

खबर के मुताबिक रविवार तड़के करीब 3 बजे क्रू मेंबर जहाज से समुद्र में गिर गया। फिलहाल इस बात की जानकारी नहीं मिली है कि क्या चालक दल का सदस्य गलती से समुद्र में गिरा या उसने आत्महत्या या भागने का प्रयास किया।

उप-विभागीय पुलिस अधिकारी (एसडीपीओ) संतोष कुमार जेना ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और पीड़ित को समुद्र से बाहर लाकर पारादीप बंदरगाह अस्पताल में भर्ती कराया गया। प्राथमिक उपचार के बाद पीड़ित को बेहतर इलाज के लिए भुवनेश्वर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। चेहरे और हाथ पर चोटें आईं हैं। फिलहाल उसकी हालत स्थिर है।
 

बेटी को उपहार देने 14 किलोमीटर साइकिल चलाकर पहुंचा पिता, सिर पर गन्ने की मिठास

बेटी को पोंगल का उपहार देने 14 किलोमीटर साइकिल चलाकर पहुंचा पिता, सिर पर गन्ने की मिठास - फोटो : ANI
तमिलनाडु के पुदुक्कोट्टई में एक बुजुर्ग व्यक्ति ने अपनी बेटी को पोंगल का उपहार देने के लिए अनोखी कवायद की। समाचार एजेंसी ANI की वीडियो रिपोर्ट के मुताबिक तमिलनाडु के इस पिता ने बेटी को उपहार देने के लिए अपने सिर पर गन्ने का एक गुच्छा लेकर 14 किलोमीटर तक साइकिल चलाई। पूरे रास्ते लोग इस शख्स को हैरत भरी निगाहों से देखते रहे। पूरे रास्ते लोगों ने इस अनोखे पिता की जमकर जय-जयकार भी की।
 

बेटी को उपहार देने के लिए अपने सिर पर गन्ने लेकर 14 किलोमीटर तक साइकिल चलाने वाले बुजुर्ग व्यक्ति चेलादुराई ने बताया, उनकी बेटी सुंदरपाल की शादी के बाद दस साल से अधिक समय तक कोई बच्चा नहीं हुआ। हालांकि, बाद में जुड़वां बच्चों को जन्म दिया। उनकी बेटी ने आठ साल पहले मां बनीं, उसके बाद वे अपनी साइकिल पर सिर पर गन्ना रखकर उसके लिए पोंगल का उपहार देने हर साल जाते हैं। उन्होंने कहा, 'मैं स्वस्थ हूं इसलिए मैं खुशी-खुशी साइकिल से अपनी बेटी और अपने पोते-पोतियों को देखने जाते हैं।'

पंचायत सदस्य के पास से 41 KG मारिजुआना बरामद, भाजपा नेताओं से पूछताछ करे पुलिस: टीएमसी महासचिव

पश्चिम बंगाल में सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) और विपक्षी दल भाजपा का टकराव फिर सामने आया है। टीएमसी के राज्य महासचिव कुणाल घोष ने कहा, हावड़ा में, भाजपा के एक निर्वाचित पंचायत सदस्य - रूपा राय के पास से 41 किलोग्राम से अधिक मारिजुआना बरामद किया गया था। उनके पति को गिरफ्तार कर लिया गया है। भाजपा के शीर्ष नेतृत्व - शुभेंदु अधिकारी, दिलीप घोष, सुकांत मजूमदार के साथ रूपा की तस्वीरें सामने आई हैं। उन्होंने बयान दिया है कि मारिजुआना उत्पादन उनका पारिवारिक व्यवसाय है।

घोष ने कहा कि टीएमसी ने पश्चिम बंगाल पुलिस से इन सभी नेताओं को जांच में शामिल करने का अनुरोध किया है जिनके साथ रूपा की तस्वीरें सामने आई हैं।

टीएमसी कांग्रेस आमने सामने, कुणाल घोष बोले- भाजपा के एजेंट हैं अधीर रंजन चौधरी

पश्चिम बंगाल कांग्रेस के अध्यक्ष अधीर रंजन चौधरी ने राज्य की कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने कहा कि हालात बहुत खराब हैं। उन्होंने कहा कि जब तक राज्य में टीएमसी सत्ता में रहेगी, हालात ऐसे ही बने रहेंगे। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए टीएमसी के राज्य महासचिव कुणाल घोष ने कहा, बंगाल में पूरे भारत में सबसे अच्छी कानून व्यवस्था है। अधीर रंजन चौधरी भाजपा के एजेंट हैं। उन्होंने कहा कि अधीर रंजन भाजपा के हितों को पूरा करने के लिए भ्रमित करने वाले और नुकसान पहुंचाने वाले बयान दे रहे हैं।

ओडिशा: क्रिकेट खेलते समय 28 वर्षीय युवक की मौत

क्राइम सीन - फोटो : pixabay
ओडिशा के मयूरभंज जिले में दर्दनाक हादसा हुआ। रविवार को क्रिकेट खेलने के दौरान 28 वर्षीय एक व्यक्ति की मौत हो गई। बैसिंगा थाना क्षेत्र के मनात्री निवासी विकास कर क्रिकेट मैच के दौरान अचानक बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़े। मनात्री मिनी स्टेडियम में क्रिकेट मैच के दौरान हादसे के बाद शख्स को तुरंत अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने कहा कि उनकी मौत का कारण अभी तक पता नहीं चला है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए बारीपदा के पीआरएम मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल भेजा गया। पुलिस अप्राकृतिक मौत का मामला दर्ज कर जांच कर रही है।
विज्ञापन

'राष्ट्रीय विज्ञान पुरस्कार' के लिए नामांकन की लास्ट डेट 28 फरवरी

राष्ट्रीय विज्ञान पुरस्कार - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
सरकार ने विज्ञान, प्रौद्योगिकी और प्रौद्योगिकी के नेतृत्व वाले नवाचार के विभिन्न क्षेत्रों में व्यक्तियों या टीमों से पहले 'राष्ट्रीय विज्ञान पुरस्कार' के लिए नामांकन आमंत्रित किए हैं। चार श्रेणियों में दिए जाने वाले पुरस्कार का पिछले साल एलान हुआ था। अलग-अलग संस्थानों की तरफ से 300 से अधिक पुरस्कारों को खत्म करने के बाद 'राष्ट्रीय विज्ञान पुरस्कार' की शुरुआत हुई है। नामांकन दाखिल करने की लास्ट डेट 28 फरवरी है। इसी दिन राष्ट्रीय विज्ञान दिवस भी होता है।

रविवार को सरकार ने कहा कि पुरस्कारों की घोषणा 11 मई को राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी दिवस पर की जाएगी। 11 मई पोखरण में दूसरी बार हुए परमाणु परीक्षण की वर्षगांठ है। पुरस्कार में एक पदक और एक प्रशस्ति पत्र शामिल होगा। पहली बार दिए जाने वाले ये पुरस्कार विजेताओं को 23 अगस्त को मिलेंगे। सरकार ने इस दिन को राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस माना है। चंद्रयान-3 मिशन की चंद्रमा पर सॉफ्ट लैंडिंग के उपलक्ष्य में राष्ट्रीय विज्ञान पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।

13 डोमेन की चार श्रेणियों में कुल 56 पुरस्कार दिए जाएंगे। भौतिकी, रसायन विज्ञान, जैविक विज्ञान, गणित और कंप्यूटर विज्ञान, पृथ्वी विज्ञान, चिकित्सा, इंजीनियरिंग विज्ञान, कृषि विज्ञान, पर्यावरण विज्ञान, प्रौद्योगिकी और नवाचार, परमाणु ऊर्जा, अंतरिक्ष विज्ञान और तकनीकी के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली वैज्ञानिक प्रतिज्ञा को सम्मानित किया जाएगा। सरकार ने साफ किया है कि असाधारण मामलों को छोड़कर, पुरस्कार मरणोपरांत प्रदान नहीं किए जाएंगे।

विज्ञान और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में जीवन भर की उपलब्धियों और योगदान को मान्यता देने के लिए अधिकतम तीन विज्ञान रत्न (वीआर) पुरस्कार भी प्रदान किए जाएंगे। सरकार ने बताया कि विज्ञान और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में विशिष्ट योगदान के लिए अधिकतम 25 विज्ञान श्री (VS) अवॉर्ड भी दिए जाएंगे।

विज्ञान युवा: शांति स्वरूप भटनागर (वीवाई-एसएसबी) पुरस्कार विज्ञान और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में असाधारण योगदान देने वाले युवा वैज्ञानिकों को मिलेगा। प्रोत्साहित करने के लिए अधिकतम 25 लोगों को इस सम्मान से नवाजा जाएगा। विज्ञान टीम (वीटी) पुरस्कार अधिकतम तीन टीमों को दिया जाएगा। इसमें तीन या अधिक वैज्ञानिक, शोधकर्ता या इनोवेटर शामिल होंगे।

पुरस्कारों की अधिसूचना में कहा गया है कि सरकारी, निजी क्षेत्र के संगठनों में काम करने वाले वैज्ञानिक, प्रौद्योगिकी से जुड़े पेशेवर, इनोवेटर या किसी संगठन के बाहर काम करने वाले व्यक्ति, जिन्होंने विज्ञान की दुनिया में विशिष्ट योगदान या रिसर्च किया है, वे भी पुरस्कार के पात्र होंगे।
 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें