कर्नाटक से एक दुखद खबर सामने आ रही है। यहां एक पत्नी ने अपने पति के ऑनलाइन क्रिकेट सट्टेबाजी की लत के कारण खुद की जान ले ली। दरअसल, चित्रदुर्ग इलाके के निवासी दर्शन बाबू को क्रिकेट मैचों में सट्टा लगाने की लत है, जिससे उनकी 23 साल की पत्नी रंजीता को सख्त एतराज था। सट्टेबाजी जारी रखने के लिए और उधार लेने लगा। जैसे-जैसे कर्ज बढ़ता गया, उसे और उसके परिवार को उधार देने वालों द्वारा धमकाया जाने लगा। करोड़ों की उधारी के चलते तंग आकर रंजीता ने आत्महत्या कर ली। 18 मार्च को रंजीता का शव घर में ही फंदे पर लटका मिला था।
84 लाख रुपये उधार
परिवार के मुताबिक, दर्शन पर एक करोड़ रुपये से ज्यादा का कर्ज था। वह पहले होसदुर्ग में लघु सिंचाई विभाग में सहायक अभियंता के रूप में काम करता था। फिर 2021 से 2023 तक आईपीएल सट्टेबाजी में पड़ गया था। इससे घर के आर्थिक हालात बिगड़ने लगे। बताया जा रहा कि दर्शन ने दांव लगाने के लिए 1.5 करोड़ से अधिक उधार लिया था और उसने अपना सारा पैसा खो दिया था। जबकि वह एक करोड़ लौटाने में कामयाब रहा, लेकिन अभी भी 84 लाख रुपये का उधार बाकी है।
2020 में हुई थी शादी
रंजीता ने 2020 में दर्शन से शादी की। उसके पिता वेंकटेश का दावा है कि उसे 2021 में दर्शन के सट्टेबाजी में शामिल होने की सच्चाई का एहसास हुआ। अपनी शिकायत में वेंकटेश ने कहा कि उनकी बेटी साहूकारों के लगातार उत्पीड़न से बेहद परेशान थी और इसी वजह से उसने आत्महत्या कर ली। उन्होंने 13 लोगों के नाम भी बताए हैं, जिन्होंने कथित तौर पर पैसे उधार दिए थे। उन्होंने कहा कि उनके दामाद को जल्द पैसा दिलाने का लालच देकर सट्टेबाजी में शामिल किया गया था।
अमीर बनने का दिया लालच
वेंकटेश ने कहा कि उनके दामाद को जल्दी पैसे देने का झांसा देकर सट्टेबाजी का लालच दिया गया था। वह सट्टेबाजी में शामिल होने के लिए तैयार नहीं था, लेकिन संदिग्धों ने उसे यह कहते हुए मजबूर किया कि यह अमीर बनने का एक आसान तरीका है। वहीं, पुलिस को जांच के दौरान एक सुसाइड नोट मिला, जिसमें उसने अपने साथ हुए उत्पीड़न के बारे में बताया है। दर्शन और रंजीता का दो साल का बेटा है।
सुसाइड नोट में पूरी जानकारी
चित्रदुर्ग के एसपी धर्मेंद्र कुमार मीणा ने बुधवार को बताया कि पति सट्टेबाजी के लिए पैसे उधार लेता था। जिन लोगों ने पैसे उधार दिए थे वो लोग लगातार उत्पीड़न कर रहे थे। लेनदारों द्वारा उत्पीड़न के कारण 23 वर्षीय महिला ने आत्महत्या कर ली। शख्स पर 84 लाख रुपये का कर्ज बकाया है। सुसाइड नोट में बताया गया है कि किस तरह से उन्हें प्रताड़ना का सामना करना पड़ रहा था।
राष्ट्रीय जांच एजेंसी के महानिदेशक बने सदानंद वसंत
आईपीएस सदानंद वसंत को राष्ट्रीय जांच एजेंसी का महानिदेशक नियुक्त किया गया है।
वहीं, आईपीएस पीयूष आनंद को राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल के महानिदेशक के रूप में नियुक्त किया गया।
मिजोरम में 43.4 लाख रुपये की हेरोइन जब्त, एक गिरफ्तार
मिजोरम के चंफाई जिले में 43.4 लाख रुपये की हेरोइन जब्त की गई और एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया। असम राइफल्स और मिजोरम आबकारी और नारकोटिक्स विभाग की एक संयुक्त टीम ने एक गुप्त सूचना पर कार्रवाई की।
इस दौरान भारत-म्यांमार सीमा के पास जोटे गांव में छापा मारा और सोमवार को 62 ग्राम हेरोइन जब्त की। जब्ती के सिलसिले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार भी किया गया है। अधिकारी ने बताया कि जब्त हेरोइन और आरोपी व्यक्ति को आगे की कानूनी कार्यवाही के लिए आबकारी और नारकोटिक्स विभाग को सौंप दिया गया है।
संबलपुर में फेंके गए बम, दो घायल
ओडिशा के संबलपुर शहर में अज्ञात लोगों ने देसी बम फेंके, जिससे कम से कम दो लोग घायल हो गए। घटना मंगलवार रात टाउन थाना क्षेत्र के पीरबाबा चक में हुई।
संबलपुर के पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार भामू ने बताया कि बदमाशों ने देसी बम फेंका, जो वहां खड़ी एक मोटरसाइकिल पर जा गिरा। इससे वहां मौजूद दो लोग घायल हो गए। घायल व्यक्ति खतरे से बाहर हैं। वहीं, संबलपुर के जिला कलेक्टर अक्षय सुनील अग्रवाल ने लोगों से शांति बनाए रखने और सोशल मीडिया पर प्रसारित फर्जी खबरों पर विश्वास नहीं करने का अनुरोध किया।
अधिकारी ने कहा कि हालात नियंत्रण में है और पुलिस घटना की जांच कर रही है। घबराएं नहीं और प्रशासन का सहयोग करें। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि घटना के पीछे की वजह का अभी पता नहीं चल पाया है और अभी तक किसी को गिरफ्तार नहीं किया गया है।
जल विभाग के अधिकारियों के आवासों पर छापा
आय से अधिक संपत्ति के मामले में बीदर में लोकायुक्त ने जल विभाग के कुछ अधिकारियों के आवासों पर छापा मारा है।
कोलकाता के ढाकुरिया में रेलवे ट्रैक के किनारे झुग्गियों में आग
दक्षिण कोलकाता के ढाकुरिया इलाके में बुधवार को एक झुग्गी बस्ती में आग लग जाने से कुछ झुग्गियां जलकर खाक हो गईं। अधिकारियों ने बताया कि रेल पटरियों के किनारे स्थित झुग्गियों में आग लग गई, जिसके कारण पूर्वी रेलवे के सियालदह दक्षिण खंड में सियालदह-बरुईपुर लाइन पर उपनगरीय ट्रेन सेवाएं प्रभावित हुईं।
उन्होंने बताया कि दमकल की सात गाड़ियों ने आग पर काबू पाया। हालांकि, घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है, लेकिन कुछ झुग्गियां जल गई हैं।
गुजरात में तीन लोगों पर हमला करने वाली बीमार शेरनी की मौत
गुजरात के अमरेली में जिले में दो वन अधिकारियों समेत तीन लोगों पर हमला करने वाली बीमार शेरनी की बुधवार को इलाज के दौरान मौत हो गई। मौत के कारणों का पता लगाने के लिए शेरनी के शव को पोस्ट मॉर्टम के लिए भेजा जाएगा। शेत्रुंजी वाइल्डलाइफ डिवीजन के सहायक वन संरक्षक जीएल वाघेला ने कहा, शेरनी की उम्र 12 साल थी और वह पहले से ही बीमार थी। उसके मौत का कारण उसका स्वास्थ्य हो सकता है।
23 मार्च को शेरनी ने जाफराबाद तालुका के मिटियाला गांव के पास स्थित प्लास्टिक विनिर्माण इकाई के सुरक्षा गार्ड पर हमला किया था। गार्ड को पास के अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती करवाया गया था। जीएल वाघेला ने बताया, गांव के सरपंच ने उन्हें शेरनी के बारे में बताया। जब हमारी स्टाफ मौके पर पहुंची तब अचानक ही शेरनी ने उनपर हमला कर दिया। स्टाफ अपने वाहन की तरफ भागे, लेकिन शेरनी ने अपने पंजे से खिड़की का शीशा तोड़ दिया। इस हमले के बाद शेरनी झाड़ियों में छिप गई। हमले की खबर पाकर दूसरी टीम को शेरनी को पकड़ने के लिए भेजा गया था। शेरनी का इलाज बाबरकोट केयर में किया जा रहा था, जहां बुधवार को उसकी मौत हो गई।
आरएसएस ने दी रामकृष्ण मिशन के अध्यक्ष स्वामी स्मरणानंद को श्रद्धांजलि
आरएसएस ने बुधवार को रामकृष्ण मिशन के अध्यक्ष स्वामी स्मरणानंद को श्रद्धांजलि दी। संघ ने बताया कि उन्होंने सेवा और आध्यात्मिक के प्रति अपने समर्पण से संगठन को मजबूत नेतृत्व प्रदान किया। मंगलवार की रात को 94 वर्षीय स्वामी स्मरणानंद ने कोलकाता में आखिरी सांस ली। वह रामकृष्ण मिशन के 16वें अध्यक्ष थे।
आरएसएस के प्रमुख मोहन भागवत ने कहा, रामकृष्ण मठ के भक्त और श्री रामकृष्ण तथा स्वामी विवेकानन्द के अनुयायी श्रीमत स्वामी स्मरणानंद के निधन की खबर सुनकर दुखी हुए हैं। उन्होंने आगे कहा, हम ईश्वर से प्रार्थना करते हैं कि रामकृष्ण मठ का महान कार्य अपने संकल्प और भावना के साथ निरंतर बढ़ता रहे।
29 जनवरी को स्वामी स्मरणानंद को कोलकाता के रामकृष्ण मिशन सेवा प्रतिष्ठान में भर्ती किया गया था। उन्हें बाद में सांस लेने में दिक्कत हो रही थी।, जिस वजह से उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया था।
असम में महिला पर हमला करने के आरोप में सात गिरफ्तार
असम के दिमा हसाओ जिले में एक महिला पर हमला करने के आरोप में सात लोगों को गिरफ्तार किया गया है। महिला पर एक बच्चे का अपहरण करने की कोशिश करने का संदेह है। हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई थी। गिरफ्तार किए गए सात में से चार महिलाएं हैं। घटना मंगलवार को लोअर हाफलॉन्ग में घटी।
महिला को एक बच्चे को चॉकलेट और 100 रुपये देते हुए देखा गया था। बच्चे के पिता ने महिला पर अपहरण का आरोप लगाया। उन्होंने अन्य लोगों के साथ महिला पर हमला कर दिया।हमले को देखते हुए कुछ पुलिसकर्मियों ने लोगों को रोकने की कोशिश की। इस दौरान उन पर भी हमला किया गया, जिसमें तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए। तीनों घाय पुलिसकर्मियों को इलाज के लिए गुवाहटी मेडिकल अस्पताल में भेज दिया गया है।
28 मार्च को भारत आएंगे यूक्रेन के विदेश मंत्री
यूक्रेन के विदेश मंत्री दिमित्रो कुलेबा 28 मार्च को दो दिवसीय दौरे पर भारत आएंगे।
तट रक्षक एमआरसीसी मुंबई ने चालक दल के बीमार सदस्य को अस्पताल पहुंचाया
India Coast Guard MRCC Mumba
- फोटो : ANI
तट रक्षक एमआरसीसी मुंबई को 47 वर्षीय बीमार चालक दल के सदस्य के लिए टग एबीएस अनोखी से मदद के लिए एक कॉल प्राप्त हुई। वेरावल से आईसीजीएस आईसी-121 ने तुरंत कार्रवाई करते हुए चिकित्सा सहायता सुनिश्चित की। मरीज को सुरक्षित रूप से सरकारी अस्पताल में भर्ती कर दिया गया है।
आईएफएस दिनकर अस्थाना गाम्बिया के भी उच्चायुक्त होंगे
दिनकर अस्थाना भारतीय विदेश सेवा (आईएफएस) के 1990 बैच के अधिकारी हैं। अस्थाना वर्तमान में सेनेगल में भारत के राजदूत हैं। उन्हें समवर्ती (concurrently) रूप से गाम्बिया में भारत का अगला उच्चायुक्त नियुक्त किया गया है।
मुंबई में करोड़ों रुपये की ड्रग्स बरामद, कई आरोपी गिरफ्तार
- फोटो : ani
महाराष्ट्र में करोड़ों रुपये का ड्रग्स बरामद किया गया है। मुंबई पुलिस की अपराध शाखा ने सांगली जिले में एक ड्रग्स फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया और 252 करोड़ रुपये की 122 किलोग्राम एमडी ड्रग्स जब्त की। 10 लोगों को गिरफ्तार किया गया।
सीजेआई चंद्रचूड़ ने श्री वेंकटेश्वर मंदिर में की पूजा-अर्चना
सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश डीवाई चंद्रचूड़ ने बुधवार को यहां श्री वेंकटेश्वर मंदिर के दर्शन किए और पूजा अर्चना की। आंध्र प्रदेश उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश धीरज सिंह ठाकुर ने उनका स्वागत किया, जबकि मंदिर के पुजारियों ने सीजेआई का औपचारिक स्वागत किया। तिरुमाला तिरुपति देवस्थानम (टीटीडी) की ओर से जारी एक बयान में कहा गया कि भगवान के दर्शन करने के बाद सीजेआई को रंगनायकुला मंडपम में मंदिर के पुजारियों ने आशीर्वाद दिया।
इसके अलावा, टीटीडी अधिकारियों ने न्यायमूर्ति चंद्रचूड़ को प्रसादम (पवित्र भोजन), डायरी, कैलेंडर, अगरबत्ती और पंचगव्य उत्पादों के साथ भगवान वेंकटेश्वर की तस्वीर उपहार में दी। इसके बाद, सीजेआई एसवी वैदिक विश्वविद्यालय में पांडुलिपियों को देखने पहुंचे। इस मौके पर उन्होंने कहा, इन प्राचीन पांडुलिपियों में निहित ज्ञान को भावी पीढ़ियों तक पहुंचाना हर किसी की जिम्मेदारी है।
मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर एसयूवी कार से 50 लाख रुपये जब्त
मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर गश्ती के दौरान पुलिस ने एक एसयूवी कार से 50 लाख रुपये जब्त किए हैं। एक अधिकारी ने बताया कि यह बरामदगी उस वक्त की गई, जब एसयूवी को उर्से टोल प्लाजा पर रोका गया। कार मुंबई से पुणे जा रही थी। पिंपरी-चिंचवड़ पुलिस के अनुसार, लोकसभा चुनावों के मद्देनजर यहां नाकाबंदी की गई थी। तभी एक एसयूवी कार को पुलिस ने रोका। तलाशी के दौरान एक बैग में 50 लाख रुपये मिले। उन्होंने कहा, कार का चालक उसके बारे में कोई स्पष्टीकरण नहीं दे पाया... इसलिए नकदी जब्त कर ली गई। मामले की जांच जारी है।
केरल में नाबालिग का यौन उत्पीड़न करने वाले को 29 साल कैद की सजा
केरल की एक अदालत ने बुधवार को आठवीं कक्षा की छात्रा का यौन उत्पीड़न करने वाले दोषी को 29 साल की कैद की सजा सुनाई। दोषी पीड़ित छात्रा का रिश्तेदार था। उसने पिछले साल फरवरी में नदापुरम स्थित अपने घर पर बच्ची का यौन उत्पीड़न किया था।
लोक अभियोजक (पीपी) मनोज अरूर ने कहा कि नादापुरम फास्ट ट्रैक स्पेशल कोर्ट के न्यायाधीश सुहैब एम ने दोषी को यौन अपराधों से बच्चों के संरक्षण अधिनियम (पॉक्सो) के विभिन्न धाराओं के तहत अलग-अलग अवधि के कुल 29 साल की कारावास की सजा सुनाई। अरूर ने कहा, चूंकि सजाएं एक साथ काटनी होंगी और व्यक्ति को अधिकतम 20 साल जेल की सजा दी जाएगी, इसलिए वह 20 साल जेल में काटेगा। अदालत ने दोषी पर 1.25 लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया है।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को पांच देशों के राजदूतों ने सौंपे अपने परिचय पत्र
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को राष्ट्रपति भवन में एक समारोह में फिलीपीन और उज्बेकिस्तान समेत पांच देशों के राजदूतों ने अपने परिचय पत्र सौंपे। राष्ट्रपति भवन से जारी एक बयान के मुताबिक, जिन राजदूतों ने परिचय पत्र सौंपे हैं, उनमें फिलीपीन के राजदूत जोसेफल फ्रांसिस्को इग्नासियो, उज्बेकिस्तान के राजदूत सरदोर रुस्तमबेव, बेलारूस के राजदूत मिखाइल कास्को, केन्या के उच्चायुक्त पीटर मैना मुनयिरि और जॉर्जिया के राजदूत वाखटांग जोशविली हैं।
1996 के ड्रग जब्ती मामले में दोषी करार दिए गए पूर्व आईपीएस अधिकारी संजीव भट्ट
संजीव भट्ट (फाइल फोटो)
- फोटो : पीटीआई
भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के पूर्व अधिकारी संजीव भट्ट 1996 ड्रग जब्ती मामले में दोषी करार दिए गए हैं। गुजरात के बनासकांठा जिले के पालनपुर शहर की एक सत्र अदालत ने बुधवार को उन्हें दोषी ठहराया है। कह जा रहा है कि पूर्व आईपीएस अधिकारी संजीव भट्ट को 1996 के मादक पदार्थ जब्ती मामले में कल सजा सुनाई जा सकती है।
कर्नाटक के स्वास्थ्य मंत्री ने केंद्र से की टीबी रोधी दवाओं की तत्काल आपूर्ति की मांग
कर्नाटक के स्वास्थ्य मंत्री दिनेश गुंडू राव
- फोटो : सोशल मीडिया
कर्नाटक के स्वास्थ्य मंत्री दिनेश गुंडू राव ने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया को एक पत्र लिखा है। इसमें उन्होंने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री से राज्य को टीबी रोधी दवाओं की तत्काल आपूर्ति का आग्रह किया है। मंडाविया को लिखे एक पत्र में उन्होंने कहा कि 2021 से राज्य को टीबी रोधी दवाओं की आपूर्ति में लगातार रुकावट आ रही है।
मलाड में बॉम्बे टॉकीज कंपाउंड में आग
मुंबई के मलाड पश्चिम में बुधवार को बॉम्बे टॉकीज कंपाउंड में आग लग गई। सूचना मिलने के बाद दमकल की 5 गाड़ियों को मौके पर भेजा गया। देर रात तक आग पर काबू पाने की कोशिश जारी थी। घटना के किसी के हताहत होने या घायल होने की सूचना नहीं है।
मुंबई में 6.11 किलोग्राम सोना जब्त
मुंबई में सीमा शुल्क विभाग के अधिकारियों ने 24 से 27 मार्च तक 6.11 किलोग्राम सोना, लगभग 20,000 अमेरिकी डॉलर और मोबाइल फोन जब्त किए। सोना कपड़ों, चेक-इन बैग, शरीर में छिपाकर लाया गया था। मुंबई सीमा शुल्क ने बताया कि जब्त किए गए सोने की कीमत 3.52 करोड़ रुपये है।
जम्मू-कश्मीर के पूर्व राज्यपाल एनएन वोहरा ने शाह के अफ्स्पा हटाने के बयान का किया स्वागत
जम्मू-कश्मीर के पूर्व राज्यपाल एन एन वोहरा ने बुधवार को कहा कि वह केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के उस बयान की सराहना करते हैं, जिसमें उन्होंने कहा था कि लोकसभा चुनाव के बाद जम्मू-कश्मीर से सुरक्षाबलों योजनाबद्ध तरीके से हटाया जाएगा। शाह ने यह भी कहा था कि राज्य से सशस्त्र बल विशेषाधिकार अधिनियम (अफ्स्पा) को हटाने पर भी विचार किया जाएगा। वोहरा ने आशा व्यक्त की कि सरकार इसी तरह का दृष्टिकोण अपनाएगी। उन्होंने ने कहा, राज्य पुलिस को सार्वजनिक व्यवस्था बनाए रखने के अपने प्राथमिक कर्तव्य का निर्वहन करना चाहिए और सेना को अपने आवश्यक कर्तव्यों पर लौटने के लिए स्वतंत्र करना चाहिए।
जस्टिस ऋतुराज ने लोकपाल के न्यायिक सदस्य के रूप में ली शपथ
विधि आयोग के पूर्व प्रमुख न्यायाधीश ऋतुराज अवस्थी के साथ पूर्व नौकरशाह पंकज कुमार और अजय तिर्की ने बुधवार को लोकपाल के सदस्य के रूप में शपथ ली। लोकपाल अध्यक्ष न्यायमूर्ति एएम खानविलकर ने दिल्ली स्थित कार्यालय में उन्हें शपथ दिलाई। कार्मिक मंत्रालय के मुताबिक, नई नियुक्तियां दो मौजूदा न्यायिक सदस्यों न्यायमूर्ति पीके मोहंती और न्यायमूर्ति अभिलाषा कुमारी और तीन सदस्यों डीके जैन, अर्चना रामसुंदरम और महेंद्र सिंह के 26 मार्च को लोकपाल में अपना कार्यकाल पूरा करने के बाद की गईं।
घर के आंगन में पेड़ से लटका मिला पुलिस अधिकारी का शव
केरल के अंगमाली में बुधवार को एक पुलिस सब इंस्पेक्टर ने अपने घर के आंगन में पेड़ से लटक कर आत्महत्या कर ली। अलुवा पूर्व थाने के एक अधिकारी ने बताया कि बाबूराजा (55) की बमुश्किल एक सप्ताह पहले ही यहां पोस्टिंग हुई थी। इससे पहले वह स्पेशल ब्रांच में थे। कोई सुसाइड नोट नहीं मिला। यह कदम क्यों उठाया, यह जांच के बाद ही पता चल पाएगा। अधिकारी ने कहा, शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। अप्राकृतिक मौत का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।