त्रिपुरा के धलाई जिले में सोमवार को प्रतिबंधित संगठन एनएलएफटी के एक उग्रवादी ने बीएसएफ के सामने आत्मसमर्पण कर दिया। आत्मसमर्पण करने वाले उग्रवादी की पहचान 37 वर्षीय उदय माणिक जामातिया के रूप में हुई है। बीएसएफ ने बताया कि आत्मसमर्पण करने वाला उग्रवादी गोमती जिले के तुलसीराम गांव का निवासी है और उसने हिंसा का रास्ता छोड़कर सामान्य जीवन जीने के लिए आत्मसमर्पण का फैसला किया। वह बीते साल सितंबर में ही एनएलएफटी में शामिल हुआ था। एनएलएफटी के शीर्ष नेताओं सचिन देबबर्मा और उत्पल देबबर्मा को बीते साल दिसंबर में ही गिरफ्तार किया गया है।
महाराष्ट्र सीएम एकनाथ शिंदे को राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम का निमंत्रण मिल गया है। मंदिर ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने सीएम शिंदे से मिलकर उन्हें निमंत्रण सौंपा।
ओडिशा के झारसुगडा में एक सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई। दरअसल एक ट्रक ने मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। घटना नेशनल हाइवे 49 पर बेलपहाड़ इलाके की है। टक्कर के बाद ट्रक ड्राइवर ने मौके से भागने की कोशिश की, लेकिन कुछ मीटर आगे ही ट्रक का पहिया एक गड्ढे में फंस गया, जिसके बाद ट्रक ड्राइवर ट्रक को वहीं छोड़कर फरार हो गया। हादसे में बाइक सवार तीन लोगों की मौत हो गई। तीनों स्थानीय निवासी थे। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
मुंबई के कई हिस्सों में प्लेसमेंट कार्यालय खोलने और नौकरी चाहने वालों को धोखा देने के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। अपराध शाखा के एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि उन्होंने 100 से अधिक लोगों को धोखा दिया है और विभिन्न बैंक खातों और नकदी संग्रह के माध्यम से अब तक 1 करोड़ रुपये के लेनदेन का पता लगाया गया है।
राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) ने उन खबरों पर तेलंगाना सरकार और राज्य के पुलिस प्रमुख को नोटिस जारी किया है, जिसमें कहा गया कि रंगारेड्डी जिले में एक इंजीनियरिंग छात्रा ने कथित तौर पर अपने कॉलेज की पांचवीं मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली। पीड़िता तीन महीने पहले ही कॉलेज में आई थी और कुकटपल्ली स्थित अपने आवास से रोजाना कॉलेज बस से आती-जाती थी।
अहमदाबाद पहुंचे पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो दिवसीय गुजरात यात्रा पर सोमवार रात अहमदाबाद पहुंचे। राज्यपाल आचार्य देवव्रत, मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल और भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सीआर पाटिल ने एयरपोर्ट पर उनका स्वागत किया। दो दिनी दौरे के दौरान पीएम मोदी वाइब्रेंट गुजरात समिट और अन्य कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। अहमदाबाद पहुंचने के बाद पीएम मोदी ने ट्वीट किया कि वह थोड़ी देर पहले अहमदाबाद पहुंचे। अगले दो दिनों में वह वाइब्रेंट गुजरात समिट और संबंधित कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। पीएम ने कहा, बेहद खुशी की बात है कि समिट के दौरान विश्व के कई नेता इसमें शामिल होंगे। मेरे भाई मोहम्मद बिन जायद का आना बहुत खास है। वाइब्रेंट गुजरात समिट के साथ मेरा बहुत करीबी जुड़ाव है और मुझे यह देखकर खुशी हुई कि इस मंच ने गुजरात के विकास में कैसे योगदान दिया है और कई लोगों के लिए अवसर पैदा किए हैं।