कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी गुरुवार को दक्षिणी राजस्थान के सागवाड़ा जाएंगे। यहां जाकर वह राज्य में होने वाले चुनावों के मद्देनजर आदिवासी मतदाताओं को जनसभा करके एक बार फिर से अपने पक्ष में करने की कोशिश करेंगे। जनसभा के लिए वह एक विशेष विमान के जरिए उदयपुर पहुंच चुके हैं। इस दौरान राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत भी उनके साथ मौजूद थे।
उदयपुर के डबोक हवाई अड्डे पर पार्टी प्रदेशाध्यक्ष सचिन पायलट ने उनका स्वागत किया। राहुल गांधी डूंगरपुर जिले के सांगवाड़ा में एक जनसभा को संबोधित करेंगे। राजस्थान में इस साल के आखिर में विधानसभा चुनाव होने हैं और अगस्त में जयपुर में पार्टी के चुनाव अभियान की शुरुआत के बाद राहुल की यह पहली चुनावी सभा होगी। आदिवासी जिलों को पहले कांग्रेस का वोट बैंक माना जाता था लेकिन 2013 के चुनाव के दौरान यहां भाजपा को बढ़त मिली थी।
राज्य कांग्रेस अध्यक्ष सचिन पायलट ने कहा, यह दीवार पर लिखा हुआ है। कांग्रेस बड़े बहुमत के साथ आने वाली है। राजस्थान के नतीजे इस बात को सुनिश्चित करेंगे कि केंद्र में भी पार्टी सरकार बनाएगी। 2013 विधानसभा चुनाव के दौरान भाजपा ने 16 में से 14 आदीवासी सीटें जीती थीं। जबकि उस समय मुख्यमंत्री रहे अशोक गहलोत ने राज्य के आदिवासी इलाकों के लिए 1200 करोड़ रुपये की परियोजना लॉन्च की थी। हालांकि राजनीतिक विश्लेषक राम प्रताप सिंह का कहना है, नरेंद्र मोदी का आदिवासी जिलों में काफी प्रभाव है।