पूर्वी सिक्किम के लुइंग इलाके में एक ट्रक के 500 फुट गहरी खाई में गिरने से चालक समेत तीन लोगों की मौत हो गई। जानकारी पाकर मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने शवों को खाई से निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए गंगटोक के पास एसटीएनएम अस्पताल भेजा है।
पूर्वी सिक्किम के लुइंग इलाके में एक ट्रक सड़क से फिसलकर 500 फुट गहरी खाई में जा गिरा। गुरुवार शाम करीब साढ़े बजे हुए इस हादसे में ट्रक ड्राइवर समेत तीन लोगों की मौत हो गई। गंगटोक पुलिस ने शुक्रवार को इस हादसे के बारे में जानकारी दी।
विज्ञापन
जानकारी के मुताबिक, ट्रक ड्राइवर रे-सामा से पत्थरों को लादकर गंगटोक जा रहा था। जब ट्रक लुइंग इलाके में पहुंचा तभी चालक ने ट्रक से नियंत्रण खो दिया और खाई में जा गिरा। पुलिस के मुताबिक, घटना के समय ट्रक में चालक, सहायक और एक अन्य व्यक्ति सवार थे। खाई में गिरने के कारण तीनों की मौत हो गई। जानकारी पाकर मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने शवों को खाई से निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए गंगटोक के पास एसटीएनएम अस्पताल भेजा गया है।
इससे पहले पिछले शुक्रवार को पूर्वी सिक्किम में सिंगतम-डिक्चू राजमार्ग पर लोअर कंबल में एक वाहन 600 फीट गहरे खड्डे में गिर गया था। इस हादसे में एक आठ वर्षीय लड़की की मौत हो गई थी और उसके पिता गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
विज्ञापन
वहीं, जून 2021 में पूर्वी सिक्किम के न्यू जवाहरलाल नेहरू रोड पर सेना के जवानों को लेकर जा रहा एक ट्रक खाई में गिर गया था। इस हादसे में तीन जवानों की मौत हो गई थी। इस ट्रक में कुमाऊं रेजीमेंट के छह जवान सवार थे। वे गंगटोक की ओर जा रहे थे तभी चालक ने ट्रक पर से अपना नियंत्रण खो दिया और ट्रक 600 फुट गहरी खाई में जा गिरा। इस हादसे में चालक और अन्य दो जवानों की मौके पर ही मौत हो गई थी। न्यू जवाहर लाल नेहरू रोड गंगटोक को सोमगो झील और भारत-चीन सीमा के निकट नाथुला से जोड़ता है।