तेलंगाना के आदिलाबाद के टाटीगुडा इलाके में एआईएमआईएम के जिला अध्यक्ष मोहम्मद फारूक ने शुक्रवार को ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इस घटना में तीन लोगों के घायल होने की सूचना है। रामागुंडम जिले के पुलिस आयुक्त सत्यनारायण ने इसकी जानकारी दी है।
तेलंगाना के आदिलाबाद में शुक्रवार को दो गुटों के बीच मामूली कहासुनी के बाद हुई झड़प के दौरान एआईएमआईएम के नेता ने कथित रूप से गोली चलाकर तीन लोगों को घायल कर दिया। इनमें से एक की हालत गंभीर है।
पुलिस के अनुसार, मामूली कहासुनी थोड़ी देर बाद ही झगड़े में तब्दील हो गई। इसके बाद असादुद्दीन ओवैसी की अगुवाई वाली एमआईएम के आदिलाबाद जिलाअध्यक्ष फारूक अहमद ने प्रतिद्वंद्वी गुट पर गोलियां चला दीं।
पुलिस के मुताबिक नगर निगम के पूर्व उपाध्यक्ष अहमद को हिरासत में ले लिया गया है। दरअसल दोनों गुटों के बीच पुरानी रंजिश थी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लाने के लिए उपयुक्त कदम उठाए।
पुलिस ने बताया कि घायलों की पहचान सैयद जमीर, सैयद मुथेसीन और सैयद मन्नान के रूप में हुई है। उन्हें एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां एक की हालत गंभीर बताई गई है।