श्रीलंका के मछुआरों ने शनिवार तड़के तमिलनाडु के कोडियाकराई तट पर तीन मछुआरों के साथ मारपीट की उनके पास रखे सारे सामान लूटकर फरार हो गए। घटना के बाद पुलिस ने गंभीर रूप से घायल तीन मच्छुआरों का रेस्क्यू किया। तटीय सुरक्षा समूह (सीएसजी) पुलिस के मुताबिक, वेदारण्यम के पास अरुकोट्टुथुराई के मछुआरे उस समय हमले की चपेट में आ गए जब वे कोडियाकराई तट से दक्षिण पूर्व स्थित समुद्र में मछली पकड़ रहे थे।
उन्होंने कहा कि श्रीलंकाई मछुआरे तीन नावों में आए और तमिल मछुआरों पर लोहे की छड़ों से हमला कर दिया। हमलावरों ने मछली पकड़ने वाली जाल, मोबाइल, जीपीएस उपकरण समेत कई अन्य सामान लेकर मौके से फरार हो गए।
मछुआरा संघ ने शुरू की हड़ताल
घायल मछुआरों को नागपट्टिनम के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। नागपट्टिनम के जिला कलेक्टर अरुण थंबुराज ने अस्पताल का दौरा किया और मछुआरों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। कलेक्टर ने डॉक्टरों से इन सभी का बेहतर इलाज करने का आग्रह भी किया। वहीं, मत्स्य विभाग के अधिकारी और सीएसजी पुलिस मामले की जांच कर रही है। इस बीच, अरुकोट्टुथुराई में मछुआरा संघ ने हमले की निंदा की है। हमले के विरोध में मछुआरा संघ ने हड़ताल शुरू कर दी है। संघ के सदस्यों ने श्रीलंकाई मछुआरों पर कार्रवाई नहीं होने देने तक आमरण अनशन पर रहने की चेतावनी दी है।