मुंबई पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) ने मंगलवार को कथित रूप से 4,355 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी के मामले में पंजाब एंड महाराष्ट्र कोऑपरेटिव (पीएमसी) बैंक के तीन निदेशकों को गिरफ्तार किया है। अधिकारी ने बताया कि उन्हें पूछताछ के बाद गिरफ्तार किया गया है।
अधिकारी ने कहा कि जगदीश मुखे, मुक्ति बवीसी और तृप्ती बैने को हाउसिंग डेवलपमेंट एंड इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड (एचडीआईएल) और उसकी समूह की कंपनियों को प्रदान की गई ऋण सुविधाओं के संबंध में व्यापक पूछताछ के बाद गिरफ्तार किया गया है।
उन्होंने कहा कि मुखे बैंक के निदेशक और 2005 की ऑडिट कमेटी के सदस्य थे, जबकि बवीसी 2011 से इसके ऋण और अग्रिम समिति के निदेशक और सदस्य थे। अधिकारी ने कहा कि तृप्ती बैने 2010 से 2015 के बीच की अवधि और 2015 से ऋण और अग्रिम समिति के लिए ऋण वसूली समिति की सदस्य थीं। तीनों को बुधवार को अदालत में पेश किया जाएगा।