सीबीआई निदेशक पद के लिए राकेश अस्थाना सहित कई आईपीएस अधिकारियों के नाम पर विचार किया जा रहा है। सीबीआई के निदेशक के चुनाव के लिए एक फरवरी को मीटिंग होने की उम्मीद है। ऐसा माना जा रहा है कि इस मीटिंग में किसी एक नाम पर सहमति हो सकती है। इन अधिकारियों में से जो भी सीबीआई निदेशक बनेगा वो सीबीआई के अंतरिम निदेशक एम नागेश्वर राव की जगह पद संभालेगा। बता दें कि आलोक वर्मा के तबादले के बाद एम नागेश्वर राव को सीबीआई निदेशक की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। इससे पहले वह सीबीआई के अतिरिक्त निदेशक थे।
सरकारी आदेश के अनुसार, 1979 बैच के आईपीएस अधिकारी वर्मा को गृह मंत्रालय के तहत अग्निशमन विभाग, नागरिक सुरक्षा और होम गार्ड्स का निदेशक नियुक्त बनाया गया। वहीं पदभार संभालने के बाद नागेश्वर राव ने आलोक वर्मा द्वारा किए गए तबादलों संबंधी फैसले को रद्द कर दिया।
इससे पहले राव को सीबीआई के विशेष निदेशक राकेश अस्थाना और तत्कालीन निदेशक आलोक वर्मा के बीच की बहस सार्वजनिक होने के बाद अतिरिक्त निदेशक की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। वर्मा और अस्थाना के बीच बढ़ते विवाद के बाद 23 अक्तूबर को केंद्र सरकार ने दोनों को छुट्टी पर भेज दिया था। सरकार के इस फैसले को वर्मा ने सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी थी। मंगलवार को अदालत ने उन्हें बहाल किया था। जिसके बाद वह बुधवार को सीबीआई दफ्तर गए थे।