केंद्र सरकार ने महामारी के दौरान कोरोना से हुई मौतों के मामले में मुआवजा देने पर दिशानिर्देश तय करने के लिए सुप्रीम कोर्ट से और समय मांगा है।
बता दें कि भारत के अधिकतर राज्यों में कोरोना का कहर जारी है। सबसे ज्यादा कोरोना का प्रकोप महाराष्ट्र में देखने को मिला है। महाराष्ट्र में मंगलवार को कोविड-19 के 6910 मामले आए और 147 लोगों की मौत हो गई। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक राज्य में पूर्व में संक्रमण से 3509 लोगों की मौत तथा कोविड-19 के 2479 मामले भी जोड़े गए हैं। पिछले 24 घंटे के दौरान 7510 मरीज स्वस्थ हो गए।
स्वास्थ्य विभाग ने एक बयान में बताया कि आंकड़ों में सुधार के तहत संक्रमण के 2479 मामले जोड़े गए हैं जबकि पूर्व में 3509 लोगों की मौत के मामले को भी इसमें शामिल किया गया है। सभी आंकड़ों के जुड़ने के साथ राज्य में संक्रमितों की संख्या 62,29,596 हो गई है। इसमें मंगलवार को आए 6910 मामले तथा जोड़े गए 2479 मामले भी शामिल हैं। संक्रमण से अब तक 1,30,753 लोगों की मौत हुई है।