केरल में गर्भवती हथिनी की मौत का मामला सुप्रीम कोर्ट पहुंच गया है। सुप्रीम कोर्ट में एक याचिका दायर कर अदालत की निगरानी में मामले की जांच की सीबीआई या एक विशेष जांच दल (एसआईटी) से कराने की मांग की गई है। याचिका वकील अवध बिहारी कौशिक की तरफ से दायर की गई है।
याचिका में कहा गया है कि जिस तरह हथिनी की पटाखे से भरे अनानास की वजह से मौत हुई है, वो भयानक, दुखद, क्रूर और अमानवीय कृत्य है और शीर्ष अदालत को इसमें दखल देना चाहिए। याचिका में कहा गया है कि यह घटना अपनी तरह की पहली घटना नहीं है, इससे पहले भी इसी तरह की घटना जिसमें केरल के कोल्लम जिले में अप्रैल 2020 में हुई थी, जिसमें इसी तरह की एक और हथिनी की मौत हो गई थी। लिहाजा यह जांच करने की जरूरत है कि आखिर इस तरह की घटनाएं क्यों हो रही हैं।