कांवड़ यात्रा से पहले खुफिया तंत्र के इनपुट ने शासन और प्रशासन खासकर की नींद उड़ा दी है। सहारनपुर का आतंकी कनेक्शन कई बार सामने आता रहा है। ऐसे में सहारनपुर पुलिस के लिए अधिक सतर्क रहने की जरूरत है। मंडल की बात करें तो सहारनपुर और मुजफ्फरनगर पहले से ही संवेदनशील शहरों में गिने जाते रहे हैं। ऐसी स्थिति में शासन और प्रशासन को यात्रा की तैयारियों पर पुन: विचार करने की जरूरत है।
शासन और पुलिस कांवड़ यात्रा को लेकर सतर्क है। पिछले दिनों प्रमुख सचिव (गृह) देवाशीष पांडा और डीजीपी जावीद अहमद ने गाजियाबाद में उत्तर प्रदेश के साथ ही उत्तराखंड और दिल्ली के अफसरों के साथ संयुक्त बैठक कर कांवड़ यात्रा की तैयारियों पर चर्चा की थी।
इसके अलावा स्थानीय स्तर पर डीएम भी कांवड़ यात्रा को लेकर अधिकारियों को जरूरी दिशा निर्देश दे चुके हैं। पुलिस ने भी कांवड़ यात्रा के दौरान रूट प्लान तैयार कर लिया है। गत वर्षों की तरह सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए जा रहे हैं, मगर हाल ही में आए खुफिया तंत्र के इनपुट ने शासन और प्रशासन को अपनी तैयारी पर पुन: विचार और सुधार करने की जरूरत है।
तीसरी आंख से रखी जाएगी नजर
सुरक्षा के होंगे पुख्ता इंतजाम
- फोटो : PTI
कांवड़ यात्रा के मद्देनजर शहर के तमाम चौराहों खासकर कांवड़ मार्ग पर पड़ने वाले चौराहों पर लगे सीसीटीवी कैमरे चेक कराए जा रहे हैं कि वह दुरुस्त हैं या नहीं। इसके लिए पुलिस लाइन में कंट्रोल रूम बनाया गया है, जहां से शहरभर की गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी।
इसके अलावा कई जगहों पर ड्रोन कैमरे भी इस्तेमाल में लाए जाएंगे। पुलिस के जवान भी कैंपों में रुकने वाले कांवड़ियों की वीडियोग्राफी करेंगे, जिससे किसी भी घटना के बाद संदिग्धों की पहचान की जा सके। कांवड़ियों की सुरक्षा के लिए पुलिस और पीएसी के साथ ही आरएएफ के जवान भी तैनात किए जाएंगे।
संवेदनशील क्षेत्रों में तैनाती के साथ ही चौराहों पर भी जवान भारी पुलिस बल तैनात रहेगा। इसके अलावा दिन के साथ ही रात में भी पुलिस कांवड़ मार्ग पर गश्त करेगी। कांवड़ मार्ग पर जगह-जगह अस्थाई पुलिस चौकियां बनेंगी। बड़ी संख्या में सादी वर्दी और कांवड़ियों के वेष में भी पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे।
रेलवे स्टेशन पर रहेगी अतिरिक्त सुरक्षा
शिवभक्त रवाना
- फोटो : अमर उजाला
कांवड़ यात्रा के दौरान ट्रेनों में भी यात्रियों की संख्या बढ़ जाती है। प्रत्येक वर्ष रेलवे स्टेशन पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहता है तो ट्रेनों में संदिग्धों की गतिविधियों पर नजर रखने के साथ ही व्यवस्था बनाने का काम करता है। इस बार भी ऐसा रहेगा। जीआरपी और सिविल पुलिस के जवान वर्दी के साथ ही कांवड़ियों के वेष और सादी वर्दी में स्टेशन पर तैनात रहेंगे।
यात्रा के दौरान प्रत्येक वर्ष शहर और शहर के बाहर देहरादून रोड पर कांवड़ियों की सेवा के लिए शिविर लगाए जाते हैं। इस बार भी शिविर लगाने वालों की बड़ी संख्या है। शिविरों में विशेष सतर्कता के लिए एसएसपी ने विशेष प्लान तैयार किया है। इसमें शिविर संचालकों के साथ बैठक कर एसएसपी जल्द ही उन्हें कुछ टिप्स देंगे और कांवड़ यात्रा के दौरान उनसे लगातार संपर्क में भी रहेंगे।
कांवड़ यात्रा को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। यात्रा को लेकर सुरक्षा प्लान तैयार किया जा चुका है। किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पुलिस को दिशा निर्देश दे दिए गए हैं।
प्रदीप कुमार यादव, एसएसपी