पाकिस्तान की जासूसी एजेंसी आईएसएआई और अंडरवर्ल्ड से जुड़े आतंकी मॉड्यूल के सदस्यों को दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इन आतंकियों ने मुंबई में पुलिसकर्मियों और सुरक्षा बलों पर हमले का प्लान बनाया था। यह प्लान बांद्रा के गरीब नगर इलाके में हाल ही में अवैध मस्जिद को गिराने की कार्रवाई का बदला लेने के लिए बनाया गया था। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
नेपाली नागरिक समेत आठ संदिग्ध गिरफ्तार
दिल्ली पुलिस ने शनिवार को बताया कि उन्होंने आठ संदिग्धों को गिरफ्तार किया है, जिनमें एक नेपाली नागरिक भी शामिल है। ये लोग दिल्ली और अन्य शहरों में अहम जगहों, सुरक्षा संस्थानों और पुलिसकर्मियों पर हमला करने का प्लान बना रहे थे।
गरीब नगर में चलाया गया था अतिक्रमण हटाने के लिए अभियान
अधिकारियों ने बताया कि 19 से 23 मई के बीच गरीब नगर में अतिक्रमण हटाने के लिए अभियान चलाया गया था। इस दौरान कई जगह पत्थरबाजी हुई थी, जिसमें 10 लोग घायल हो गए थे। घायलों में पुलिसकर्मी भी शामिल थे।
'पाकिस्तान भेजे वीडियो और फोटो'
मुंबई पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने रविवार को बताया कि आरोपियों ने इस कार्रवाई की रेकी की थी और पुलिस की तैनाती के वीडियो और फोटो पाकिस्तान में अपने हैंडलर्स को भेजे थे।
निशाने पर थे पुलिसकर्मी और हिंदू समुदाय
अधिकारियों के अनुसार, गरीब नगर में तैनात पुलिसकर्मी और हिंदू समुदाय के लोग उनके निशाने पर थे। यह प्लान पाकिस्तान की आईएसआई, गैंगस्टर शाहजाद भट्टी, यावर खान और अंडरवर्ल्ड से जुड़े मुन्ना जिंगाड़ा ने बनाया था। जिंगाड़ा छोटा शकील का करीबी सहयोगी बताया जाता है।
ये भी पढ़ें:
उपराष्ट्रपति ने किया आगाह: 'सकारात्मक खबरों को नजरअंदाज किया गया, तो कॉकरोच का अनुसरण कर सकते हैं युवा'
भीड़भाड़ वाला पुल था संभावित लक्ष्य
खुफिया जानकारी के आधार पर दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने साजिद महबूब शेख उर्फ अरबाज खान को मुंबई के कुर्ला से और तौकीर रिजवान शेख को ठाणे के मुंब्रा से 27 मई को गिरफ्तार किया। जांच में पता चला कि इन दोनों ने दादर रेलवे स्टेशन के बाहर एक भीड़भाड़ वाले पुल को संभावित लक्ष्य के रूप में चुना था। आरोपियों के मोबाइल फोन से मुंबई के कई स्थानों के वीडियो, साथ ही पाकिस्तान और दुबई में बैठे हैंडलर्स के साथ चैट और वॉइस नोट्स भी मिले हैं।
अधिकारियों के मुताबिक, मुंबई का एक संदिग्ध हुजैफा इस मॉड्यूल में स्थानीय लोगों की भर्ती कर रहा था और फिलहाल फरार है, जिसकी तलाश जारी है। शुरुआती जांच के अनुसार, इस समूह को यह प्लान दिया गया था कि वे ग्रेनेड से हमला करें और पुलिस, सुरक्षा बलों व अहम ठिकानों पर अंधाधुंध गोलीबारी करें। मुंबई पुलिस और महाराष्ट्र एटीएस हाई अलर्ट पर हैं और इस नेटवर्क से जुड़े स्थानीय संपर्कों की जांच कर रहे हैं।