गुरुवार को हैदराबाद में उस वक्त खूब हंगामा हुआ, जब पुलिस ने केंद्रीय मंत्री और तेलंगाना भाजपा के अध्यक्ष जी किशन रेड्डी को गरीबों के लिए बनाई जा रही आवासीय परियोजना का दौरा करने से रोक दिया। पुलिस की कार्रवाई के विरोध में केंद्रीय मंत्री अपने समर्थकों संग धरने पर बैठ गए। इस पर पुलिस ने केंद्रीय मंत्री को हिरासत में ले लिया। इस दौरान काफी देर तक हाई वोल्टेज ड्रामा हुआ।
क्या है मामला
तेलंगाना में केंद्रीय आवास योजना के तहत गरीबों के लिए किफायती आवास बनाए जा रहे हैं। तेलंगाना भाजपा का आरोप है कि इस परियोजना में जमकर धांधली की जा रही है। यही वजह है कि प्रदेश भाजपा अध्यक्ष जी किशन रेड्डी के नेतृत्व में गुरुवार को भाजपा नेता बातासिंगाराम इलाके में आवासीय परियोजना का दौरा करने जा रहे थे। हालांकि रास्ते में ही पुलिस ने भाजपा नेताओं को रोक दिया। कई भाजपा नेताओं को घर में ही नजरबंद भी कर दिया गया।
पुलिस द्वारा रोके जाने से नाराज केंद्रीय मंत्री जी किशन रेड्डी अपने समर्थकों के साथ सड़क पर ही धरने पर बैठ गए और आवासीय परियोजना का दौरा करने की मांग पर अड़े रहे। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने केंद्रीय मंत्री और अन्य भाजपा नेताओं को समझाने की कोशिश की। हालांकि जब भाजपा नेता नहीं माने तो पुलिस ने केंद्रीय मंत्री और अन्य भाजपा नेताओं को धरना स्थल से जबरन हटाया।
पुलिस कार्रवाई पर भड़के जी किशन रेड्डी
पुलिस द्वारा रोके जाने पर केंद्रीय मंत्री जी किशन रेड्डी ने कहा कि 'क्या मैं अपराधी हूं? क्या मैं आतंकवादी हूं? भारत में कहीं भी जाने का मुझे अधिकार है।' किशन रेड्डी ने कहा कि 'बीआरएस सरकार लोगों से धोखा कर रही है। सरकार द्वारा निर्माण कार्य पूरा होने के बावजूद लोगों को घर नहीं दिए जा रहे हैं। आज केंद्रीय मंत्री होने के नाते मैं बातासिंगाराम जाकर वहां बनाए जा रहे डबल बेडरूम वाले घरों का दौरा करना चाहता था लेकिन पूरे राज्य में भाजपा नेताओं को गिरफ्तार किया गया। क्या हम के चंद्रशेखर सरकार की इमरजेंसी में हैं? पूरा राज्य के चंद्रशेखर के परिवार के नियंत्रण में है।'
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, तेलंगाना सरकार को केंद्र की प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत गरीबों को आवास देने के लिए 4400 करोड़ रुपए की धनराशि प्राप्त हुई थी। इसके तहत राज्य में छह लाख किफायती मकान बनाए जाने थे लेकिन अभी तक राज्य में गरीबों के लिए महज एक लाख मकान ही बनाए गए हैं। भाजपा का आरोप है कि इस योजना में धांधली की जा रही है। भाजपा का आरोप है कि जिन लोगों को घर मिले हैं, उनकी हालत काफी खराब है।
केंद्रीय मंत्री रेड्डी ने राष्ट्रपति मुर्मू और स्पीकर ओम बिरला को लिखा पत्र
केंद्रीय मंत्री जी किशन रेड्डी ने पुलिस द्वारा रोके जाने के मामले पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को पत्र लिखकर उनका ध्यान आकर्षित किया और तत्काल कार्रवाई की मांग की। उन्होंने पत्र में लिखा, मैं आपके ध्यान में एक गंभीर मुद्दा लाने के लिए आपको लिख रहा हूं, जिस पर आपको तत्काल ध्यान देने की जरूरत है। भारत सरकार का प्रतिनिधित्व करने वाले एक केंद्रीय मंत्री और तेलंगाना से लोकसभा सदस्य के रूप में, मैं भारत सरकार की विभिन्न योजनाओं की प्रगति की नियमित निगरानी करना अपना कर्तव्य मानता हूं। इस आशय से, मैंने प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत स्वीकृत घरों के निर्माण की समीक्षा करने के लिए हैदराबाद में बटसिंगाराम जाने की योजना बनाई थी। तेलंगाना पुलिस ने मुझे स्पष्ट रूप से यह कहने के बावजूद गिरफ्तार कर लिया कि मेरे पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुझे योजना की प्रगति का निरीक्षण करने के लिए बटसिंगाराम जाने है, न कि कोई आंदोलन या धरना देने का।