भाजपा सांसद अरविंद धर्मपुरी के हैदराबाद स्थित आवास पर कथित तौर पर टीआरएस समर्थकों ने हमला किया और तोड़फोड़ की। भाजपा सांसद ने इसके लिए टीआरएस नेता कविता को जिम्मेदार ठहराया है। भाजपा सांसद अरविंद धर्मपुरी ने टीआरएस एमएलसी के कविता पर गंभीर आरोप लगाए थे। धर्मपुरी ने दावा किया था कि कविता ने कांग्रेस प्रमुख को फोन किया था।
इस पर टीआरएस नेता ने कहा कि खरगे को फोन करके पूछो कि क्या मैंने कभी उन्हें फोन किया। किसी भी पार्टी में शामिल होने में कोई दिलचस्पी नहीं है। मुझे तो भाजपा के दोस्तों ने भी पार्टी छोड़ने का ऑफर दिया था, लेकिन मैंने मना कर दिया। टीआरएस अब बीआरएस बन गया है। हमने तेलंगाना में विकास किया और हम देश भर में ऐसा करने के लिए मॉडल बनाएंगे।
आवास पर हमले के बाद भाजपा सांसद अरविंद धर्मपुरी ने कहा कि कविता ने घमंड में आकर टीआरएस के गुंडों को मेरे आवास पर भेजा और हंगामा किया। उन्होंने फर्नीचर और भगवान की मूर्तियों को नुकसान पहुंचाया, मेरी 70 साल की मां के सामने कारों को नुकसान पहुंचाया। उन्होंने जातिगत अहंकार के कारण मेरे खिलाफ कई अपमानजनक बयान दिए। उनके पिता ने यह भी कहा कि उसे अन्य पार्टियों द्वारा संपर्क किया गया है। क्या वह अपने पिता पर भी हमला करेंगी?
दूसरी ओर केंद्रीय भारी उद्योग मंत्री महेंद्र नाथ पांडे तेलंगाना के गदवाल पहुंचे। लोकसभा प्रवास कार्यक्रम के दौरान उन्होंने नागरकरनूल जिला अस्पताल का दौरा किया। अस्पताल में बेसिक सुविधाएं भी नहीं मिलीं, तो उन्होंने नाराजगी जताई। मंत्री ने अस्पताल के अधिकारियों से कहा कि 10 दिनों के अंदर इन सब समस्याओं को ठीक करें।