तेलंगाना सरकार ने नए साल की शुरुआत में एक ऐतिहासिक फैसला लेते हुए किसानों को बेहद शानदार तोहफा दिया है। जिसके बाद अब राज्य के किसानों को कृषि उद्देश्य के लिए 24 घंटे मुफ्त बिजली मिलेगी।
एक आधिकारिक बयान के अनुसार तेलंगाना के मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव ने इस पहल को एक शानदार जीत बताया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘तेलंगाना सभी कृषि क्षेत्रों में 24 घंटे अच्छी गुणवत्ता, निरंतरता के साथ 24 घंटे बिजली उपलब्ध कराने के लिए इतिहास में देश के पहले राज्य के रूप में जाना जाएगा।’
बता दें कि राज्य में स्थापित बिजली क्षमता 2 जून 2014 को 6,573 मेगावाट थी जो आज 14,913 मेगावाट हो गई है। निकट भविष्य में कुल क्षमता 28,000 मेगावाट पहुंच जाने का अनुमान है।
गौरतलब है कि सरकार ने पिछले महीने कहा था कि 23 लाख कृषि पंप सेट को 31 दिसंबर की मध्यरात्रि से मुफ्त बिजली उपलब्ध कराई जाएगी। इस पहल से देखा जाए तो इस वर्ष मार्च तक बिजली की मांग बढ़कर 11,000 मेगावाट हो जाएगी।