तेलंगाना मुठभेड़ मामले में आरोपियों की मौत से संबंधित सुप्रीम कोर्ट में एक ताजा याचिका दायर की गई है। कोर्ट ने रजिस्ट्रार को उल्लेख करने से पहले इस मामले का अदालत में उल्लेख करने के लिए कहा है। याचिका में पुलिस अधिकारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने और मामले के लिए जरुरी सभी सबूतों को जब्त करने को कहा गया है।
इससे पहले सुप्रीम कोर्ट ने बुधवार को तेलंगाना पुलिस द्वारा किए गए हैदराबाद मुठभेड़ मामले की सुनवाई की। सुनवाई के दौरान कोर्ट ने कहा था कि वह हैदराबाद मुठभेड़ की जांच करने के लिए सुप्रीम कोर्ट के एक पूर्व न्यायाधीश की नियुक्ति करने का प्रस्ताव देता है। कोर्ट ने कहा था कि इस संबंध में आगे की सुनवाई गुरुवार को की जाएगी।
कोर्ट का कहना था कि तेलंगाना उच्च न्यायालय पहले से ही इस मामले में संलिप्त है, इसलिए वह इस मामले की जांच के लिए सुप्रीम कोर्ट के पूर्व न्यायाधीश की नियुक्ति करेंगे, जो दिल्ली में रहकर ही घटना की जांच करेगा।
गौरतलब हो कि प्रधान न्यायाधीश एस ए बोबडे की अध्यक्षता वाली पीठ ने इस मामले की शीघ्र सुनवाई करने के लिए वकील जी एस मणि के अनुरोध का संज्ञान लिया था। मणि ने कहा था कि इस मुठभेड़ में शामिल पुलिस अधिकारियों के खिलाफ स्वतंत्र जांच के लिए दायर याचिका पर तत्काल सुनवाई की जरूरत है।