तेलंगाना के वारंगल से जब्त 5 करोड़ 80 लाख रुपये
- फोटो : ANI
तेलंगाना विधानसभा चुनाव 2018 के लिए 7 दिसंबर को मतदान होने से तीन दिन पहले सोमवार रात तेलंगाना पुलिस ने पांच करोड़ 80 लाख 65 हजार रुपये जब्त किए हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और यह जांच कर रही है कि यह किसका पैसा है।
वारंगल के जनगांव में पुलिस ने चेकिंग के दौरान यह रकम जब्त की और कार में नकद के साथ यात्रा करने वाले तीन व्यक्तियों को हिरासत में लिया गया है। कार में मौजूद लोगों से जब दस्तावेज मांगे गए तो वह उपलब्ध नहीं करा पाए।
पुलिस ने इस मामले में पड़ताल शुरू कर दी है। अहम सवाल यह है कि चुनाव से ठीक पहले इतनी बड़ी रकम क्यों ले जाई जा रही थी।
पुलिस भी यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कहीं यह रकम विधानसभा चुनाव में मतदान को प्रभावति करने के लिए तो नहीं ले जाई जा रही थी।
यूएनआई ने आधिकारिक सूत्रों के हवाले से बताया है कि राज्य में जब से चुनाव प्रक्रिया शुरू हुई है तब से लेकर अब तक पुलिस और आयकर विभाग 99 करोड़ 50 लाख रुपये की नकदी जब्त कर चुकी है। इसके अलावा 9 करोड़ रुपये मूल्य की शराब और अन्य चीजें भी जब्त की जा चुकी हैं।