तेलंगाना में हिंदू कार्यकर्ता के घर हुई तोड़फोड़ और आंध्र प्रदेश में तेदेपा महासचिव की आग से जली कार
- फोटो : ANI
तेलंगाना के विकाराबाद जिले में भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) के एक विधायक के करीबियों ने सोमवार को कथित तौर पर एक हिंदू कार्यकर्ता के घर पर हमला कर दिया। बताया गया है कि उपद्रवियों ने हिंदू कार्यकर्ता की कार को भी निशाना बनाया और जमकर तोड़फोड़ की। मामले में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
दूसरी घटना, आंध्र प्रदेश के विजयवाड़ा के गन्नावरम की है, जहां अज्ञात हमलावरों ने तेलुगु देशम पार्टी (टीडीपी) के कार्यालय पर हमला किया और टीडीपी के महासचिव कोनेरु संदीप की कार में आग लगा दी। इस मामले में टीडीपी कार्यकर्ताओं ने रोष जाहिर किया है। इस दौरान वाईएसआरसीपी और टीडीपी के कार्यकर्ताओं के बीच झड़प भी हुई।
गिरफ्तार पार्टी नेता के घर पहुंचे चंद्रबाबू नायडू
इस घटना के बाद पुलिस ने टीडीपी के प्रवक्ता कोमा रेड्डी पट्टभिराम और अन्य नेताओं को हिरासत में ले लिया। बाद में उन्हें 14 दिन की रिमांड पर भेज दिया गया। वहीं, टीडीपी अध्यक्ष एन. चंद्रबाबू नायडू मंगलवार रात गिरफ्तार पार्टी नेता कोमा रेड्डी के घर पर पहुंचे और परिजनों के प्रति एकजुटता प्रकट की।