केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने तेलंगाना के खम्मम में 'रायथु गोसा-बीजेपी भरोसा' रैली को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने BRS पार्टी पर कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि हम जानते हैं कि आप (KCR) केटीआर को राज्य का मुख्यमंत्री बनाना चाहते हैं, लेकिन इस बार न तो KCR और न ही KTR मुख्यमंत्री बनेंगे। इस बार मुख्यमंत्री बनेगा तो भाजपा का बनेगा।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी 4G पार्टी है जिसका मतलब है चार पीढ़ी की पार्टी (जवाहरलाल नेहरू, इंदिरा गांधी, राजीव गांधी और राहुल गांधी), BRS 2G पार्टी है जिसका मतलब है दो पीढ़ी की पार्टी (KCR और बाद में KTR) और औवेसी की पार्टी 3G पार्टी है 3 पीढ़ीयों से चल रही है, लेकिन इस बार न तो 2G आएगी, ना 3G, ना ही 4G, अब कमल की बारी है।
अमित शाह ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे पर हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि चुनाव के बाद KCR और भाजपा इकट्ठा हो जाएंगे, खरगे साहब इस आयु में क्यों झूठ बोलते हो? आपको मालूम है KCR के साथ ओवैसी (असदुद्दीन ओवैसी) बैठें हैं और मैं बताने आया हूं कि कुछ भी हो जाए भाजपा KCR और ओवैसी के साथ कभी नहीं जाएगी।
'स्टीयरिंग असदुद्दीन ओवैसी के हाथ में'
उन्होंने कहा कि KCR की पार्टी (BRS) का चुनाव चिन्ह कार है। वह कार भद्राचलम तक जाती है, लेकिन वह राम मंदिर तक नहीं जाती, क्योंकि उस कार का स्टीयरिंग असदुद्दीन ओवैसी के हाथ में है।
BRS ने किया पलटवार
केंद्रीय गृह मंत्री के बयान पर BRS के रावुला श्रीधर रेड्डी ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि गृह मंत्री अमित शाह दिन में सपने देख रहे हैं कि भाजपा तेलंगाना में सत्ता में आएगी। सत्ता में आने की बात भूल जाइए, उन्हें राज्य में 5 से भी कम सीटें मिलेंगी। वे यहां एक अंक भी पार नहीं कर सकते।
पवन खेड़ा ने भी साधा निशाना
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की '4जी' पार्टी वाली टिप्पणी पर कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने कहा कि भाजपा 2जी पार्टी है, मोदी जी और शाह जी। जेपी नड्डा पार्टी के अध्यक्ष हैं, फिर भी पार्टी में उनकी कोई भूमिका नहीं है। गृह मंत्री अपना मंत्रालय देखने के बजाय प्रचार कर रहे हैं।