तेलंगाना के मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी
- फोटो : ANI
नए संसद भवन के भूमि पूजन कार्यक्रम में तेलंगाना के मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव भी शामिल होंगे। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी को चिट्ठी लिखकर इस बात की जानकारी दी है। तेलंगाना के मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव ने सेंट्रल विस्टा प्रोजेक्ट का स्वागत किया है। बता दें कि कई लोगों ने इस प्रोजेक्ट को लेकर सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है।
के चंद्रशेखर ने प्रधानमंत्री को लिखी चिट्ठी में कहा कि केंद्र सरकार के इस भव्य प्रोजेक्ट पर मुझे गर्व है और इसके आधारशिला कार्यक्रम में मुझे शामिल होने में खुशी होगी। उन्होंने आगे कहा कि इस परियोजना को लेकर लंबे समय से विचार चल रहा था। संसदीय कामकाज को निपटाने के लिए देश की राजधानी में बुनियादी ढांचा अपर्याप्त है। उन्होंने ने कहा कि इस प्रोजेक्ट पर काम होना जरूरी है। वहीं मौजूदा संसद भवन हमारे ओपनिवेशिक अतीत से जुड़ा है।
उन्होंने आगे कहा कि सेंट्रल विस्टा प्रोजेक्ट राष्ट्रीय पुनरुत्थान, आत्मविश्वास, मजबूत भारत के आत्म सम्मान, प्रतिष्ठा और राष्ट्रीय गौरव का प्रतीक होगा। मैं इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय महत्वपूर्ण परियोजना के जल्द पूरी होने की कामना करता हूं।