देश के पहली कॉरपोरेट ट्रेन तेजस एक्सप्रेस एक बार फिर पटरी पर दौड़ने के लिए तैयार है। लखनऊ-नई दिल्ली और अहमदाबाद-मुंबई अपने दोनों रूट्स पर 14 फरवरी से तेजस एक्सप्रेस फिर से शुरू होने जा रही है। वहीं यात्रियों को टिकट लेने में असुविधा न हो, इसके लिए भी खास इंतजाम किए गए हैं। यात्रियों की सुविधा को देखते हुए आईआरसीटीसी ने स्टेशन पर ही तेजस एक्सप्रेस के टिकट मुहैया करवाने की व्यवस्था भी की है।
आईआरसीटीसी अनुसार सभी यात्रियों को कोविड प्रोटोकॉल से जुड़े स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसिजर का पालन करना होगा। कोई भी यात्री अपनी सीट किसी अन्य यात्री से बदल नहीं सकेंगे। यात्रियों के अलावा स्टाफ के लिए फेस कवर या फेस मास्क पहनना अनिवार्य होगा। ट्रेन में सफर करने वाले यात्रियों को कोरोना किट मुहैया करवाई जाएगी।
कोविड 19 सुरक्षा किट में एक बोतल, हैंड सैनिटाइजर, एक मास्क, एक फेसशील्ड और एक जोड़ी ग्लव्स होगा। कोरोना संक्रमण से बचा जा सके इसलिए यात्रियों को यात्रा के दौरान फेसशील्ड पहनना अनिवार्य होगी।
यात्रियों को आरोग्य सेतु एप डाउनलोड करना होगा। ट्रेन स्टाफ के मांगे जाने पर उन्हें एप में अपनी स्थिति दिखानी होगी। ट्रेन के पैंट्री कार के आसपास और टॉयलेट्स की समय-समय पर सफाई और डिसइंफेक्ट किया जाएगा। यात्रियों के सामान को भी इसके लिए नियुक्त कर्मचारी डिसइंफेक्ट करेंगे।
वहीं उन सभी जगहों को लगातार डिसइंफेक्ट किया जाता रहेगा। जहां यात्रियों के छूने की गुंजाइश रहेगी। कोरोना वायरस के संक्रमण को देखते हुए आईआरसीटीसी ने तेजस ट्रेनों के कर्मचारियों को विशेष प्रशिक्षण दिया है।