कमल हासन और उनकी बेटियों ने डाला वोट
- फोटो : ANI
तमिलनाडु चुनाव के लिए पहले और आखिरी चरण का मतदान हो रहा है। इसी बीच मक्कल निधि मायम के प्रमुख कमल हासन मतदान करने पोलिंग बूथ पर पहुंचे। वह अपने बेटियों श्रुति हासन और अक्षरा हासन के साथ वोट डालने पहुंचे। कमल हासन दक्षिण कोयंबटूर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ रहे हैं।
तमिलनाडु के 38 जिलों की 234 विधानसभा सीटों पर मतदान हो रहा है। सुबह सात बजे से तमिलनाडु में मतदान प्रक्रिया जारी है। तमिलनाडु चुनाव में इस बार 3,998 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। वहीं कोरोना वायरस के बढ़ते प्रकोप के चलते राज्य में 88,937 पोलिंग बूथ स्थापित किए गए हैं।
बता दें कि कमल हासन इस चुनाव के माध्यम से अपने राजनैतिक करियर में डेब्यू कर रहे हैं। इस विधानसभा सीट से एमएनएम प्रमुख ने साल 2019 के लोकसभा चुनाव के दौरान एक लाख से ज्यादा वोट प्राप्त किए थे और उस समय उनके खिलाफ चुनाव मैदान में भाजपा नेता वनथी श्रीनिवासन और कांग्रेस नेता मयूर जयाकुमार थे।
कमल हासन ने साल 2018 में अपनी पार्टी एमएनएम की शुरुआत की थी और पार्टी के गठन का मुख्य उद्देश्य राजनीति को भ्रष्ट मुक्त करना है। कमल हासन ने भारतीय सिनेमा में 60 साल से ज्यादा काम किया है, वहीं तमिल, मलयालम, हिंदी, तेलूगू, कन्नड़ और बंगाली में 220 से ज्यादा फिल्मों में काम किया है।
कमल हासन की उपलब्धियों की बात करें तो अभिनेता ने अब तक चार राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार जीते हैं। इसके अलावा उन्हें 19 फिल्मफेयर अवॉर्ड, पद्म श्री औऱ पद्म भूषण अवॉर्ड से भी नवाजा गया है। कमल हासन ने छह साल की उम्र से ही बाल कलाकार के तौर पर काम करना शुरू कर दिया था।