पश्चिम बंगाल में आज 31 सीट पर तीसरे चरण का मतदान जारी है। वोटिंग के दौरान भाजपा और टीएमसी (तृणमूल कांग्रेस) नेताओं के बीच आरोप प्रत्यारोप का दौर चल रहा है। हावड़ा के उलबेरिया में टीएमसी नेता के घर ईवीएम व वीवीपैट मिलने से हड़कंप मच गया है। चुनाव आयोग ने वहां के सेक्टर अधिकारी को सस्पेंड कर दिया है। चुनाव आयोग ने बताया कि (Sector 17, AC 177) के चुनाव अधिकारी तपन सरकार को निलंबित कर दिया गया है। आयोग ने कहा है कि यहां जो ईवीएम व वीवीपैट मिली थी, उसे चुनाव प्रक्रिया से हटा दिया गया है। सभी के खिलाफ गंभीर कार्रवाई की जाएगी। इधर उलबेरिया में भाजपा कार्यकर्ता हंगामा कर रहे हैं।
सुरक्षाबलों ने किया लाठीचार्ज
उलबेरिया उत्तर से भाजपा प्रत्याशी चिरन बेरा का आरोप है कि मतदान से ठीक पहले की रात में टीएमसी नेता गौतम घोष के आवास से ईवीएम मिली हैं। ईवीएम मिलने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। भाजपा और टीएमएसी के कार्यकर्ताओं के बीच बढ़ते विवाद को देखते हुए सुरक्षाबलों को यहां पर लाठीचार्ज भी करना पड़ा
वहीं चुनाव आयोग ने बताया कि ईवीएम की सूचना मिलने पर सेक्टर अधिकारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। चुनाव आयोग ने बताया कि बरामद ईवीएम का इस्तेमाल नहीं किया जाएगा। आयोग ने सफाई दी कि सेक्टर ऑफिसर तपन सरकार ईवीएम के साथ अपने रिश्तेदार के घर रात को सोने चले गए थे, जो आचार संहिता का उल्लंघन है।
भाजपा-टीएमसी कार्यकर्ताओं में आरोप- प्रत्यारोप
बता दें कि मंगलवार को मतदान शुरू होने से पहले टीएमसी ने कई मतदान केंद्रों पर ईवीएम में गड़बड़ी, पार्टी कर्यकर्ताओं को वोट नहीं डालने की शिकायत की है। वहीं भाजपा ने चुनाव में धांधली का आरोप लगाया है। भाजपा का आरोप है कि टीएमसी कार्यकर्ताओं ने राईदिघी विधानसभा क्षेत्र के मतदान केंद्र संख्या 189 पर टीएमसी कार्यकर्ता 100 मीटर के अंदर प्रवेश कर गए और वोटरों को वोट डालने से मना करने लगे।