चेन्नई के मरीना बीच पर रविवार को भारतीय वायुसेना द्वारा एयर शो का आयोजन किया गया था। इसे देखने के लिए लाखों की संख्या में लोग जुटे थे। एयर शो के बाद भीषण गर्मी के चलते कई लोग डिहाइड्रेशन के शिकार हो गए। जिसके चलते 5 लोगों की मौत हो गई। आयोजन के दौरान हुए मौतों पर तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम के स्टालिन ने खेद व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री एम के स्टालिन ने सोमवार को कहा कि 6 अक्टूबर को आयोजित हुए वायुसेना के एयर शो में लोगों की संख्या उम्मीद से कहीं अधिक रही। उन्होंने माना कि लोगों को काफी असुविधा हुई और भविष्य में इसी तरह के आयोजनों के लिए बेहतर व्यवस्था की जाएगी।
15 लाख से अधिक लोग आए थे एयर शो देखने
राज्य सरकार ने कहा कि रविवार को इस कार्यक्रम को देखने के लिए 15 लाख से अधिक लोग एकत्र हुए, जबकि वे करीब 15 लाख लोगों के आने की उम्मीद कर रहे थे। स्टालिन ने कहा कि लोगों की मौत उनके परिवारों के लिए एक अपूरणीय क्षति है। सीएम ने शोक संतप्त लोगों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने अधिकारियों को पांचों मृतकों के परिजनों को 5-5 लाख रुपये जारी करने का निर्देश दिए हैं।
स्टालिन ने बताया कि भारतीय वायुसेना की मांग के अनुसार सभी सुविधाएं और पूर्ण प्रशासनिक सहयोग प्रदान किया गया था। उन्होंने कहा कि पुलिस, अग्निशमन और बचाव, चेन्नई निगम और स्वास्थ्य विभाग ने समन्वित व्यवस्था की थी। ऐसे व्यापक उपायों के बावजूद, चूंकि लोग उम्मीद से कहीं अधिक बड़ी संख्या में एकत्र हुए थे। इसलिए उन्हें घर लौटते समय कठिनाइयों का सामना करना पड़ा।
स्टालिन ने कहा कि उन्हें पता चला है कि लोगों को सार्वजनिक परिवहन सुविधाओं का उपयोग करने और पार्किंग क्षेत्रों में अपने वाहनों तक पहुंचने में घर वापस जाने में बहुत असुविधा हुई। अगली बार ऐसे बड़े कार्यक्रमों का आयोजन करते समय, अतिरिक्त व्यवस्था की जाएगी और रविवार के कार्यक्रम के दौरान लोगों को असुविधा पहुंचाने वाले मुद्दों को हल करने पर अधिक ध्यान दिया जाएगा।
1000 से अधिक डॉक्टर किए गए थे तैनात
स्वास्थ्य मंत्री एम सुब्रमण्यम ने कहा कि भारतीय वायुसेना चाहती थी कि 100 बिस्तरों वाली चिकित्सा सुविधा तैयार हो, लेकिन सरकार ने 4,000 से ज़्यादा बिस्तर उपलब्ध कराए और 1,000 से अधिक डॉक्टर तैनात किए गए थे। मेडिकल टीमों के अलावा चालीस एंबुलेंस स्टैंड बाई पर थीं। उम्मीद थी कि लगभग 15 लाख लोग भाग लेंगे, लेकिन 15 लाख से ज़्यादा लोग एयर शो देखने पहुंच गए।
भारतीय वायुसेना ने लोगों को छाते, पीने का पानी लाने और चश्मा और टोपी पहनने की सलाह दी थी। कुल मिलाकर 102 लोग गर्मी से प्रभावित हुए और उनमें से ज़्यादातर का इलाज आउटपेशेंट के तौर पर किया गया और 11 का इलाज चल रहा है। पाँच लोगों को मृत अवस्था में अस्पताल लाया गया था।