विपक्षी भाजपा के इस दावे के बारे में पूछे जाने पर कि अदाणी समूह के इससे हटने के कारण परियोजना अनिश्चित हो गई है, राज्य की उद्योग, वाणिज्य एवं उद्यम मंत्री ने आरोप लगाया कि विपक्ष इसके बारे में कुछ जाने बिना 'झूठे दावे' कर रहा है। उन्होंने कहा, 'इस परियोजना पर काम चल रहा है और संबंधित पक्ष यानी अदाणी समूह के साथ बातचीत चल रही है।'
यह पूछे जाने पर कि क्या अदाणी समूह के साथ बातचीत में कोई कमी आई है, पांजा ने कहा, 'ऐसा कोई भी घटनाक्रम नहीं हुआ है।' अदाणी समूह शुरू में परियोजना के लिए संभावित निवेशक के रूप में नामित किया गया था। उन्होंने कहा कि बंदरगाह के निर्माण के लिए केंद्र से अनुमति मांगी गई है और केंद्र सरकार ने कुछ स्पष्टीकरण मांगे हैं।
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने मंगलवार को बंगाल ग्लोबल बिजनेस समिट में कहा था कि ताजपुर में गहरे समुद्र बंदरगाह के विकास के लिए टेंडर जारी किया जाएगा। बनर्जी ने बीजीबीएस में प्रतिनिधियों से कहा था कि ताजपुर में प्रस्तावित गहरे समुद्र में बंदरगाह के लिए टेंडर तैयार है। आप प्रक्रिया में भाग ले सकते हैं। कयास लगाए जा रहे हैं कि अदाणी अब इस परियोजना का हिस्सा नहीं हैं।