भाजपा सांसद सुब्रह्मण्यम स्वामी ने कांग्रेस नेता शशि थरूर की पत्नी सुनंदा पुष्कर की संदिग्ध हालत में मौत मामले की जांच को आगे बढ़ाने के लिए एसआईटी गठित करने की मांग की है। उन्होंने गृहमंत्री राजनाथ सिंह को पत्र लिखकर मामले में हस्तक्षेप कर सुप्रीम कोर्ट या हाईकोर्ट की निगरानी में एसआईटी गठित करने का आदेश देने की मांग की।
12 मई को गृहमंत्री को लिखे पत्र में राज्यसभा सांसद स्वामी ने कहा कि मामले में पुलिस अपने कदम पीछे खींच रही है। उन्होंने मामले की जांच में अनावश्यक देरी करने पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि मामले की आपराधिक जांच में दिल्ली पुलिस बेहद जरूरी प्राथमिक कदम तक नहीं उठा रही है। जबकि यह बात स्पष्ट हो चुकी है कि सुनंदा के शरीर में जहर पाया गया और उनकी मौत अप्राकृतिक थी।
स्वामी सुनंदा की संदिग्ध मौत मामले की जांच तेजी से कराने की मांग करते आ रहे हैं। साथ ही मामले को लेकर पूर्व केंद्रीय मंत्री शशि थरूर पर निशाना साध चुके हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस का यह फर्ज है कि वह मामले की जांच कर तर्कसंगत निष्कर्ष निकाले, लेकिन जांचकर्ता मामले में आरोप पत्र तक दाखिल करने के नजदीक नहीं पहुंच पाए हैं। इससे पहले भी स्वामी राजनाथ को दो बार पत्र लिख चुके हैं। गौरतलब है कि सुनंदा जनवरी 2014 को दिल्ली के फाइव स्टार होटल के कमरे में मृत पाई गई थीं।