स्टार्टअप कंपनी माइंडफुल एआई की सीईओ और एआई एक्सपर्ट सूचना सेठ अपने ही मासूम बेटे का कत्ल करने के बाद छह दिन की पुलिस हिरासत में हैं। उनके पति भी भारत आ चुके हैं और उन्होंने बुधवार को कर्नाटक पहुंचकर बेटे के पोस्टमार्टम के बाद उसका अंतिम संस्कार किया। इस बीच, मां द्वारा बेटे की हत्या के पीछे की एक चौंकाने वाली वजह सामने आई है। कहा जा रहा है कि सूचना का अपने पति से झगड़ा इस कदर बढ़ गया था कि उसे अपने बेटे की शक्ल से भी नफरत हो गई थी। इस कारण उसने बेटे की भी हत्या कर दी ताकि उसे पति की याद न आए।
पूछताछ में सहयोग नहीं कर रही सूचना- डीजीपी गोवा
इस मामले में पुलिस हिरासत में बंद सूचना से लगातार पूछताछ की जा रही है। गोवा के डीजीपी जसपाल सिंह ने यह जानकारी दी है। उन्होंने कहा कि मेडिकल जांच के साथ-साथ उसका मनोवैज्ञानिक मूल्यांकन भी किया जाएगा। लेकिन वह जांच में सहयोग नहीं कर रही है। साथ ही उसे देखकर यह नहीं लगता कि बेटे की हत्या को लेकर उसे कोई पश्चाताप है।
बेटे की शक्ल देखकर आती थी पति की याद
कहा जा रहा है कि सूचना ने अपने घरवालों और दोस्तों को बताया था कि उसके बेटे की शक्ल भी पिता वेंकट से काफी मिलती थी। ऐसे में उसे बेटे को देखकर पति और अपने टूटे हुए रिश्ते की याद आती थी। ऐसे में अब पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है कि क्या हत्या करने के पीछे की यही वजह तो नहीं है।
बेटे से मिलने के लिए वेंकट ने किया था सूचना को मैसेज
इस बीच, पुलिस सूत्रों में यह भी पता चला है कि बीते रविवार को पति वेंकट ने सूचना से अपने बेटे को लेकर घर आने को कहा था। इस पर सूचना ने कहा था कि वह उससे घर पर नहीं बल्कि किसी सार्वजनिक स्थान पर मिल सकता है। इसके बाद रविवार को वेंकट काफी देर तक इंतजार करता रहा लेकिन जब सूचना की तरफ से कोई फोन या मैसेज नहीं आया तो वह जाकार्ता चला गया। वहीं, सूचना भी इसके बाद बेटे को लेकर गोवा आ गई और एक सर्विस अपार्टमेंट में उसकी हत्या कर दी।