ठगी के आरोपी सुकेश चंद्रशेखर ने दिल्ली के उप राज्यपाल वीके सक्सेना को पत्र लिखकर मंत्री सत्येंद्र जैन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पत्र में सुकेश ने दिल्ली की तिहाड़ जेल में अपनी सुरक्षा के लिए सत्येंद्र जैन को हर माह दो करोड़ रुपये देने की बात कही है। इसे लेकर भाजपा आप पर हमलावर हो गई है। वहीं, आप संयोजक व दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने इसे मोरबी कांड से जनता का ध्यान हटाने की साजिश बताया है।
ठग सुकेश चंद्रशेखर के आरोप के बाद दिल्ली की राजनीति गरमा गई है। दिल्ली सरकार के कैबिनेट मंत्री सत्येंद्र जैन अवैध लेनदेन के एक अन्य मामले में पहले से तिहाड़ जेल में बंद हैं। भाजपा ने सत्येंद्र जैन पर जेल में रहते हुए उगाही करने का आरोप लगाया है।
भाजपा नेता संबित पात्रा ने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी भ्रष्टाचारियों की पार्टी हो गई है। अब तक वह योजनाओं के जरिए जनता के पैसे की लूट कर रही थी, लेकिन अब वह बड़े-बड़े अपराधियों से भी उगाही कर रही है। उन्होंने कहा कि ठगी के आरोप सुकेश चंद्रशेखर ने अपनी लिखावट में एक पत्र लिखकर उपराज्यपाल से गंभीर शिकायत की है। उसने अपने पत्र में पैसा दिए जाने पर जेल में उसे सुरक्षा दिए जाने की बात कही है जो बेहद गंभीर है।
शराब व शिक्षा घोटाले के बाद नया मामला
पात्रा ने कहा कि आम आदमी पार्टी के खिलाफ लगातार एक के बाद एक भ्रष्टाचार के मामले सामने आ रहे हैं। शराब घोटाला और शिक्षा घोटाले के बाद यह एक गंभीर मामला सामने आया है। इससे यह साबित होता है कि आम आदमी पार्टी केवल भ्रष्टाचार का आसन करना जानती है।
जेल में बंद कैदियों से आप की वसूली शुरू
भाजपा नेता सरदार आरपी सिंह ने अमर उजाला से कहा कि दिल्ली सरकार विभिन्न योजनाओं के नाम पर जनता के पैसे की लूट कर रही थी, लेकिन अब उसने जेल में बंद कैदियों से भी 'वसूली' शुरू कर दी है। उन्होंने कहा कि सुकेश चंद्रशेखर के द्वारा सत्येंद्र जैन के मामले में जो आरोप लगाए गए हैं, वे बेहद गंभीर हैं और उसने यह स्वीकार किया है कि वह अब तक 10 करोड़ रूपये सत्येंद्र जैन को पहुंचा चुका है। उन्होंने मापंग की कि इस मामले की जांच उच्च एजेंसियों के माध्यम से की जानी चाहिए और कठोर कार्रवाई होनी चाहिए।
केजरीवाल ने कहा-सुकेश के आरोप में कोई सच्चाई नहीं
इस मामले के सामने आने के बाद दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल मीडिया के सामने आए। उन्होंने कहा कि यह पूरी तरह से राजनीति की जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि जब भाजपा पंजाब में चुनाव हार रही थी तब कुमार विश्वास से आपत्तिजनक बयान दिलवाकर उनकी छवि खराब करने की कोशिश की गई थी। इसी प्रकार अब गुजरात में चुनाव हारने के डर से सत्येंद्र जैन पर आरोप गढ़े जा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि मोरबी कांड से जनता का ध्यान भटकाने के लिए इस मामले को उछाला जा रहा है, जबकि सुकेश के आरोपों में कोई सच्चाई नहीं है। यह पूरा मामला राजनीतिक है और इसमें कोई सच्चाई नहीं है।
पार्कों में योग क्लास रोकने की कोशिश कर रही भाजपा
उन्होंने कहा कि दिल्ली के पार्कों में योगा क्लासेज चलाई जा रही हैं, लेकिन अब इसे रोकने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी अपनी सत्ता की ताकत से दिल्ली सरकार के कार्यों को रोकने की कोशिश कर रही है, उसके मोहल्ला क्लिनिक और स्कूलों के कार्यों को रोकने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि लेकिन वे किसी भी कार्य को रुकने नहीं देंगे। अभी यह योजना दिल्ली में चलाई जा रही है, लेकिन अब इसे पंजाब में भी लागू किया जाएगा। गुजरात में सरकार बनने के बाद इस योजना को वहां भी लागू किया जाएगा।
मोरबी कांड भ्रष्टाचार का परिणाम
केजरीवाल ने कहा कि मोरबी में हुई घटना भ्रष्टाचार का बेहद खतरनाक उदाहरण है। उन्होंने कहा कि घड़ी बनाने वाली एक कंपनी को पुल के रखरखाव का ठेका क्यों दिया गया? अभी से इस मामले में लीपापोती शुरू हो गई है।