चैनल द्वारा इंस्टाग्राम पर पोस्ट की गई क्लिप में सुधा ने हवाई अड्डे पर हुई इस घटना के बारे में खुलासा किया, जहां एक साथी यात्री ने उनकी पोशाक के लिए उन्हें 'कैटल-क्लास' कहा था। अर्चना पूरन सिंह ने जब सुधा से घटना के बारे में पूछा तो सुधा ने कहा, "चार-पांच साल पहले मैं सलवार कमीज पहनी थी और मेरे पास बिजनेस क्लास का टिकट था। मैं उस लाइन में खड़ी थी, तो उनको लगा कि सलवार कमीज पहन लिया तो दीदी है, बहनजी है...अरे कैटल-क्लास लोग है। उनको क्या पता है इकोनॉमी के लोगों को बिजनेस क्लास में आने में..मैंने जाके उनको पूछ लिया कि कैटल-क्लास क्या है?"
सुधा ने आगे कहा कि किसी की क्लास इस बात से परिभाषित नहीं होती है कि उसके पास कितना पैसा है। उन्होंने गणितज्ञ मंजुल भार्गव और मदर टेरेसा का उदाहरण दिया और कहा कि वो अपने योगदान के कारण 'क्लास' शब्द की वास्तविक परिभाषा थे। उन्होंने कपिल शर्मा को कॉमेडी के क्षेत्र में क्लास के रूप में परिभाषाषित किया, जिस पर उन्होंने हाथ जोड़कर आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा, क्लास का मतलब यह होता है कि आप अपने काम के प्रति कितनी श्रद्धा रखते हैं और उसे कैसे करते हैं। इसका पैसे से कोई लेना-देना नहीं है।
शो में सुधा के साथ गुनीत मोंगा और रवीना टंडन मेहमान के तौर पर थीं। सुधा मूर्ति एक बेस्टसेलिंग लेखिका हैं, जिन्हें हाल ही में सामाजिक कार्य में उनके योगदान के लिए पद्म भूषण से सम्मानित किया गया था।