गोवा पुलिस के पास पहुंचे सूचना के पति और दाहिने पुलिस की गिरफ्त में सूचना
- फोटो : ANI
बेंगलुरु में रहने वाली सूचना सेठ पर अपने चार साल के बेटे की हत्या का आरोप है। सूचना के पति वेंकट रमन गोवा के कैलंगुट पुलिस स्टेशन पहुंचे। अपने वकील के साथ गए वेंकट ने अपना बयान दर्ज कराया। रिपोर्ट्स के मुताबिक वेंकट और सूचना अब अलग हो चुके हैं। इससे पहले शुक्रवार को गोवा पुलिस सूचना सेठ को लेकर मौका-ए-वारदात पर पहुंची थी। पुलिस ने सीन को रिक्रिएट कर पूरी वारदात को समझने की कोशिश की।
कर्नाटक जाते समय पुलिस ने गिरफ्तार किया
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि सूचना के पति शनिवार को जांच के सिलसिले में थाने पहुंचे। पुलिस के अनुसार, सेठ ने कथित तौर पर उत्तरी गोवा के कैंडोलिम में एक सर्विस अपार्टमेंट में अपने बेटे की गला दबाकर हत्या कर दी। हत्या के बाद चार साल की मासूम की लाश को एक बैग में पैक कर दिया। इसके बाद सूचना ने बेंगलुरु वापस जाने के लिए टैक्सी बुक की। हालांकि, कर्नाटक के चित्रदुर्ग जाते समय 8 जनवरी को पुलिस ने सूचना को बीच रास्ते से ही गिरफ्तार कर लिया।
सुसाइड की कोशिश से पहले बेटे को मौत की नींद सुला दिया; इंडोनेशिया में था पति
कैलंगुट थाने के अधिकारी ने बताया, आरोपी के पति वेंकट रमन दोपहर में बेंगलुरु से गोवा पहुंचे। जब हत्या हुई तब रमन इंडोनेशिया के जकार्ता में था। जांच कर रही पुलिस के अनुसार, महिला ने अपनी कलाई काटकर आत्महत्या की कोशिश भी की। हालांकि, सुसाइ़ड की कोशिश से पहले महिला अपने चार साल के बेटे को गला घोंटकर माल डाला।
क्या है पूरा मामला?
स्टार्टअप कंपनी माइंडफुल एआई की सीईओ सूचना सेठ पर अपने चार साल के बेटे की निर्मम हत्या का आरोप है। पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकारने से इनकार कर दिया है। महिला का दावा है कि जब वह सोकर उठी तो बच्चे को मरा हुआ पाया। सूचना सेठ ने पूछताछ के दौरान अपनी शादी और संबंधों की कड़वाहट का भी जिक्र किया। सूत्रों के मुताबिक, सूचना ने कथित तौर पर अपने अलग हो चुके पति वेंकट से नफरत होने की बात कही है। रिपोर्ट्स के मुताबिक बेटे की कस्टडी वेंकट को न सौंपनी पड़े, इसलिए उसने खौफनाक वारदात को अंजाम देने की योजना बनाई और चार साल के मासूम को मौत की नींद सुला दिया।