अपने एक बेटे को नस्लीय हमले में खोने के बाद परवथा वर्धिनी अपने दूसरे बेटे को अमेरिका भेजने से डर रही हैं। परवथा इंजीनियर श्रीनिवास कुचिभोतला की मां हैं जिनकी हत्या कुछ दिनों पहले कंसास में कर दी गई थी।
श्रीनिवास के भाई साई किशोर भी अमेरिका में ही नौकरी करते हैं जो अपने भाई के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए भारत आए थे, लेकिन अब उनकी मां इस बात पर अड़ गई हैं कि उनका बेटा वापस अमेरिका नहीं जाएगा। साई की मां नहीं चाहतीं कि उनका दूसरा बेटा भी मौत की आगोश में समा जाए इसलिए वो अपने बेटे को जाने नहीं देना चाहतीं।
इंजीनियर कुचिभोतला के शव को सोमवार को भारत लाया गया था और मंगलवार को उनका अंतिम संस्कार किया गया। अंतिम संस्कार में शामिल होने उनकी पत्नी सुनयना भी भारत आई थीं लेकिन अभी तक ये भी पक्का नहीं हुआ है कि वो वापस अमेरिका जाएंगी या नहीं।
मां ने अपने बेटे की मौत के लिए अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की पॉलिसी को जिम्मेवार ठहराया है।
नस्लीय हमले में घायल हुए आलोक मदसानी के पिता का कहना है कि ट्रंप के राष्ट्रपति बनने के बाद से ही वो अपने बेटे से लगातार भारत लौट आने की बात कह रहे थे। उन्होंने अपनी तरह दूसरे माता-पिता से ये अपील की है कि वो अपने बच्चों को अमेरिका बिल्कुल भी न जाने दें।