फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कोलकाता के फिल्म संस्थान में रॉनी सेन को लेकर बवाल: छात्र सड़क पर उतरे, प्रशासन ने दीवार फांदने का लगाया आरोप

Sat, 14 Nov 2026 02:31 AM IST
राकेश कुमार पीटीआई, कोलकाता।

सार

कोलकाता के सत्यजीत रे फिल्म एवं टेलीविजन संस्थान में फिल्मकार रॉनी सेन को कार्यशाला करने से रोकने पर विवाद हो गया। छात्रों ने सुरक्षा कर्मचारियों पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया, जबकि प्रशासन ने उन पर बिना अनुमति दीवार फांदकर परिसर में घुसने का दावा किया। पुलिस को शिकायत मिली है और वह मामले की जांच कर रही है। संस्थान में 27 सितंबर की झड़प के बाद से तनाव बना हुआ है।
 
विज्ञापन
बड़ी खबर - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

कोलकाता के सत्यजीत रे फिल्म एवं टेलीविजन संस्थान (एसआरएफटीआई) में शुक्रवार को फिल्मकार रॉनी सेन को लेकर विवाद हो गया। छात्र संघ ने आरोप लगाया कि संस्थान के सुरक्षा कर्मचारियों ने रॉनी सेन को परेशान किया और उन्हें छात्रों के साथ कार्यशाला करने से रोक दिया। वहीं, संस्थान प्रशासन ने दावा किया कि फिल्मकार बिना अनुमति परिसर में दाखिल हुए थे। उन्होंने संस्थान की दीवार फांदकर अंदर प्रवेश किया था। रॉनी सेन एमी पुरस्कार के लिए नामांकित फिल्मकार हैं। उन्हें छात्र संघ ने एक कार्यशाला के लिए आमंत्रित किया था।
विज्ञापन


छात्रों ने सड़क पर बैठकर शुरू की कार्यशाला
छात्र संघ के मुताबिक, रॉनी सेन को 'प्रतिरोध के हथियार के रूप में सिनेमा' विषय पर कार्यशाला लेने के लिए बुलाया गया था। इसका आयोजन ब्लू बनयान कलेक्टिव के सहयोग से किया जा रहा था। छात्रों ने बताया कि यह कार्यशाला प्रशासन की ओर से शिक्षा के अधिकार को सीमित करने की कोशिशों के विरोध में शुरू किए गए कार्यक्रमों का हिस्सा थी। छात्रों का आरोप है कि रॉनी सेन संस्थान में उपलब्ध किसी भी जगह पर कार्यशाला करने को तैयार थे, लेकिन उन्हें छात्रों से बातचीत की अनुमति नहीं दी गई। इसके बाद छात्र मुख्य दरवाजे के बाहर जमा हो गए और सड़क पर बैठकर कार्यशाला शुरू कर दी। छात्र संघ का दावा है कि प्रशासन ने पुलिस की मदद से रॉनी सेन को वहां से जाने के लिए कहा।

पहले भी फिल्मकारों को रोकने का आरोप
छात्र संघ ने दावा किया कि यह तीसरी बार है, जब प्रशासन ने किसी फिल्मकार को छात्रों के साथ शैक्षणिक गतिविधि करने से रोका है। इससे पहले फिल्मकार रंजन पालित को दो अलग-अलग मौकों पर कक्षाएं लेने से रोका गया था। छात्रों का यह भी आरोप है कि 15 अक्तूबर से संस्थान का परिसर, भोजनालय और बुनियादी सुविधाएं बंद हैं। इससे पढ़ाई और दूसरी शैक्षणिक गतिविधियां प्रभावित हो रही हैं।
विज्ञापन


यह भी पढ़ें: आज से बंगलूरू मेट्रो की पिंक लाइन का संचालन: पीएम मोदी ने एक दिन पहले दिखाई थी हरी झंडी, जानें समय-सारिणी

संस्थान बोला- बिना अनुमति परिसर में घुसे थे
संस्थान प्रशासन ने अपने बयान में कहा कि रॉनी सेन बिना अनुमति परिसर में दाखिल हुए थे। उन्होंने दीवार फांदकर प्रवेश किया था। इस मामले की सूचना स्थानीय पुलिस को दी गई है और औपचारिक शिकायत भी दर्ज कराई गई है। प्रशासन ने कथित अनधिकृत प्रवेश और इससे छात्रों, शिक्षकों तथा कर्मचारियों की सुरक्षा को पैदा हुए खतरे को लेकर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

संस्थान ने कहा कि परिसर में तनाव को देखते हुए नियमित शैक्षणिक गतिविधियां बंद हैं और एहतियात के तौर पर बाहरी लोगों के प्रवेश पर रोक लगाई गई है। किसी भी बाहरी व्यक्ति या संगठन को बिना अनुमति परिसर में आने नहीं दिया जाएगा। प्रशासन ने लोगों से मौजूदा स्थिति का इस्तेमाल बाहरी या राजनीतिक हितों के लिए नहीं करने की अपील भी की है।
विज्ञापन


27 सितंबर से परिसर में तनाव
पुलिस ने बताया कि उसे संस्थान में जबरन प्रवेश की शिकायत मिली है और मामले की जांच की जा रही है। वहीं, छात्रों का दावा है कि मुख्य दरवाजे पर पुलिस की तैनाती बढ़ा दी गई है और बैरिकेड लगाकर रास्ता रोका गया है। संस्थान में तनाव 27 सितंबर से बना हुआ है। उस दिन छात्रों के एक समूह और एक दक्षिणपंथी संगठन के सदस्यों के बीच झड़प हुई थी। संगठन ने संस्थान के सभागार में बैठक आयोजित की थी। इस घटना में कई लोग घायल हुए थे।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें