तमिलनाडु के खेल प्रशिक्षक पी नागराजन की दरिंदगी के कई मामलों का राजफाश हुआ है। एक महिला खिलाड़ी के कई साल तक यौन उत्पीड़न करने के मामले में जांच के दौरान कई महिलाओं ने आगे आकर नागराजन के घिनौने कामों की गवाही दी है।
चेन्नई पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। नागराजन के खिलाफ नई शिकायतें आने के बीच जांच में खुलासा हुआ कि वह महिला खिलाड़ियों का 'फिजियोथैरेपी उपचार' करने के बहाने यौन उत्पीड़न करता था। पुलिस के अनुसार वह महिला खिलाड़ियों को सही से प्रशिक्षित होने पर ही बड़े खेल आयोजनों में भाग ले पाने की बात कहकर उन पर दबाव डालता था और यह कहकर उन्हें बरगलाता था कि उसके फिजियोथैरेपी उपचार से ही उन्हें आराम मिल सकता है।
सात और शिकायतें मिलीं
पुलिस ने बताया कि वह सालों तक इस तरह की हरकतों में लिप्त रहा और उसे यह पक्का भरोसा हो गया कि अभी तक उसके खिलाफ किसी ने शिकायत नहीं की है तो उसका कुछ नहीं बिगड़ेगा। अब नागराजन के खिलाफ यौन अपराधों की सात और शिकायतें मिली हैं। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा कि ये शिकायतकर्ता भी मामले में हमारी गवाह होंगी।
नागराजन (59) को 19 वर्षीय लड़की की शिकायत के बाद 30 मई को गिरफ्तार किया गया था। लड़की उसके खिलाफ शिकायत करने वाली पहली खिलाड़ी थी, जिसने कहा कि उसका सालों तक उत्पीड़न किया गया।