कर्नाटक के बंगलूरू में एक महिला बैंककर्मी की सड़क हादसे में मौत हो गई है, ये पूरी घटना एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है। जिसमें साफ दिख रहा है कि महिला सड़क पार कर रही और तेज रफ्तार बुलेट मोटरसाइकिल ने उसे टक्कर मार दी।
कर्नाटक की राजधानी बंगलूरू में एक दर्दनाक सड़क हादसे में 27 साल की बैंक कर्मचारी योगेश्वरी की मौत हो गई। यह घटना बीते सोमवार (16 फरवरी) दोपहर राजाजीनगर के डॉ. राजकुमार रोड पर हुई। पुलिस के मुताबिक, योगेश्वरी अपने लंच ब्रेक के दौरान खाना लेने के लिए सड़क पार कर रही थीं। वह अपने बैंक के सामने स्थित एक होटल से खाना लेकर लौट रही थीं, तभी तेज रफ्तार में आ रही बुलेट बाइक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।
महिला की मौत, युवक का इलाज जारी
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बाइक बहुत तेज गति में थी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि योगेश्वरी और बाइक चालक दोनों को गंभीर सिर की चोटें आईं। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत दोनों को पास के निजी अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टरों ने योगेश्वरी को बचाने की कोशिश की, लेकिन रात करीब नौ बजे उनकी मौत हो गई। वहीं बाइक चला रहा युवक दीपक, जो उलसूर का रहने वाला छात्र है, अभी अस्पताल में भर्ती है और उसका इलाज जारी है।
विज्ञापन
हादसे पर पुलिस की कार्रवाई
इस भीषण हादसे के बाद स्थानीय पुलिस ने बाइक चालक दीपक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि दीपक के ठीक होने के बाद उसका बयान लिया जाएगा।
CCTV में कैद हुआ हादसा
यह पूरी घटना पास लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है। सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो में साफ दिख रहा है कि बाइक काफी तेज रफ्तार में थी और योगेश्वरी को सड़क पार करते समय टक्कर मार देती है।