एसपी साहब! मेरे बेटे की बीमारी से मौत हो गई थी। हमने उसे सुपुर्द-ए-खाक कर दिया था। अब उसकी कब्र से उसके गुनगुनाने की आवाज आती है। मैं चाहता हूं कि बेटे के शव को कब्र से निकलवाकर इसकी जांच कराई जाए।
सोमवार को एसपी देहात के सामने यह अजीबोगरीब मामला आया तो वह भी हैरान रह गए। हालांकि एक पिता की लिखित मांग पर शव को कब्र से निकलवाने की प्रक्रिया शुरू करा दी गई है।
मामला इंचौली थानाक्षेत्र के जलालपुर गांव का है। सबीरूद्दीन के बेटे इरफान (32) की बीमारी के चलते 28 अप्रैल को मौत हो गई थी। सबीरूद्दीन का दावा है कि कब्र से इरफान के गुनगुनाने की आवाज आती है। पहले उसको भ्रम लगा था, लेकिन अब परिवार के लोग और ग्रामीण भी आवाज सुनने का दावा कर रहे है। जिस पर सबीरूद्दीन और ग्रामीणों ने कब्र से इरफान का शव निकलवाने का फैसला किया।
सोमवार को सबरूद्दीन और ग्रामीणों ने एसपी देहात डॉ. प्रवीन रंजन को प्रार्थनापत्र देकर कब्र से शव निकलवाने की मांग की। एसपी देहात ने उन्हें समझाया कि मामला प्रशासनिक अधिकारियों का है। डीएम की परमीशन से कब्र से शव निकलता है। सबरूद्दीन ने कहा कि एक प्रार्थना पत्र डीएम ऑफिस में दिया है। बताया गया कि कब्र से शव निकलवाने की प्रक्रिया शुरू हो गई है।
कब्र तो हम खुद भी खोद लेते
एसपी देहात की बात सुनकर इरफान के परिजन और ग्रामीण बोले कि हम कानूनी प्रक्रिया से काम कराना चाहते है। नहीं तो हम खुद भी कब्र खोदकर देख लेते कि आखिर गुनगुनाने की आवाज कहां से आती है।
कोट
मामला वाकई चौंकाने वाला है। लोग दावा कर रहे है कि कब्र से इरफान के गुनगुनाने की आवाज आ रही है। पुलिस ने प्रक्रिया शुरू कर दी है, लेकिन कब्र से शव निकालने की परमिशन डीएम ऑफिस से होगी।- डॉ. प्रवीन रंजन, एसपी देहात