अगस्ता वेस्टलैंड घूसकांड मामले में वायुसेना के पूर्व प्रमुख एसपी त्यागी से सोमवार को सीबीआई ने करीब 10 घंटे तक पूछताछ की। इस पूछताछ के बाद सीबीआई ने खुलासा किया है कि एसपी त्यागी के तीन कंपनियों में पैसे लगे हैं। जिन कंपनियों में एस पी त्यागी के पैसे लगे हैं, उन कंपनियों से पैसों का लेन-देन काफी रहस्यपूर्ण है।
इन तीनों कंपनियों के नाम वंशी, अनुरास और शावान बताए गए हैं, जो भारत में ही रजिस्टर हैं। सीबीआई के सूत्रों ने कहा कि उन्होंने वित्त मंत्रालय के अंतर्गत आने वाली फाइनेंशियल इंटेलिजेंस यूनिट को एक पत्र लिखा है, जिसमें इन तीनों कंपनियों के बारे में और अधिक जानकारी मांगी गई है। इससे पता चल सकेगा कि इन कंपनियों के पैसों का लेनदेन भारत और विदेश में कहां-कहां किया गया है।
इटली की अदालत में डील के यूरोपीय दलाल और कंपनी के शीर्ष अधिकारी के खिलाफ आए 7 अप्रैल के फैसले के आधार पर सीबीआई ने ये पूछताछ की थी और अपनी जांच तेज कर दी है। इसी सिलसिले में एजेंसी एसपी त्यागी से सोमवार को 10 घंटे पूछताछ कर चुकी है।