उत्तर प्रदेश में महागठबंधन को लेकर चल रही चर्चा के बीच मंगलवार को सपा सुप्रीमो मुलायम सिंह यादव से कांग्रेस के चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर ने मुलाकात की।सूत्रों के मुताबिक, सपा और कांग्रेस का जल्द गठबंधन हो सकता है। बता दें कि पिछले शुक्रवार को शिवपाल यादव ने राष्ट्रीय लोक दल के अध्यक्ष अजित सिंह से उनके दिल्ली स्थित आवास पर मुलाकात की थी।
सूत्रों की मानें तो कुछ दिनों पहले दिल्ली में ही शिवपाल ने प्रशांत किशोर से भी मुलाकात की थी। शिवपाल और प्रशांत की मुलाकात करवाने में जेडीयू नेता केसी त्यागी ने अहम भूमिका बताई जा रही है। शिवपाल यादव अपने साथ जनता परिवार के नेताओं का निमंत्रण लेकर ये मुलाकात की थी। उन्होंने मुलायम सिंह की तरफ से 5 नवंबर को सपा के रजत जयंती प्रोग्राम में लालू प्रसाद और नीतीश कुमार को भी लखनऊ आने का न्योता दिया था।
शिवपाल ने कहा था कि हम लोहियावादी और चरण सिंह वादियों को एक साथ करने की कोशिशें कर रहे हैं। हम चाहते हैं कि ये साथ हों। शिवपाल के बयान के बाद बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा था कि पहले एक दल बनाने की दिशा में कदम उठाया था। लेकिन तब बात आगे नहीं बढ़ी। उसी वक्त खत्म हो गई। इसका मतलब ये नहीं है कि फिर संभावनाओं को नहीं तलाशना चाहिए।