दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति मून जे इन
दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति मून जे इन चार दिवसीय भारत यात्रा के तहत रविवार को दिल्ली पहुंचे। बड़े प्रतिनिधिमंडल के साथ पहली बार भारत यात्रा पर आए राष्ट्रपति मून सोमवार को पीएम नरेंद्र मोदी के साथ राजघाट पर महात्मा गांधी को श्रद्घांजलि देने के साथ ही नोएडा स्थित सैमसंग संयंत्र का मुआयना भी करेंगे। मंगलवार को दोनों देशों के बीच प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता होगी। दोनों देश द्विपक्षीय, क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर साझा हितों पर चर्चा के साथ कई क्षेत्रों में अहम समझौतों पर मुहर लगाएंगे।
राष्ट्रपति मून और पीएम मोदी की योजना दोनों देशों के रिश्तों को नया आयाम देने की है। इस कड़ी में दोनों देश विशेष सामरिक साझेदारी पर मुहर लगाने के साथ तकनीकी, इलेक्ट्रोनिक्स, द्विपक्षीय व्यापार, कृषि सहित विभिन्न क्षेत्रों में कई समझौते पर सहमति देंगे। मंगलवार को दोनों देशों के बीच प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता के साथ मून और मोदी के बीच वन टू वन बातचीत होगी। इस बातचीत में साझा हितों से जुड़े वैश्विक और क्षेत्रीय मुद्दों पर बातचीत होगी।
सोमवार को राष्ट्रपति मून उपराष्ट्रपति वैंकेया नायडू और विदेश मंत्री सुषमा स्वराज से भी मुलाकात करेंगे। इसी दिन इंडिया-कोरिया बिजनेस फोरम को संबोधित करने के साथ ही गांधी स्मृति संस्थान का दौरा करेंगे। मंगलवार को द्विपक्षीय और प्रतिनिधिमंडल स्तर की बैठक के बाद देर शाम राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद मून के सम्मान में भोज देंगे। बुधवार को राष्ट्रपति के साथ बैठक के बाद मून स्वदेश के लिए रवाना हो जाएंगे।