भारतीय रेलवे ने पहली बार एक अनूठी पहल करते हुए अपने वरिष्ठ कर्मचारियों को नहीं बल्कि गैंगमैन, ट्रैकमैन और गैर राजपत्रित (नॉन गैजेटिड) कर्मचारियों को विदेश यात्रा पर भेजा है। यह सभी दक्षिण मध्य रेलवे के कर्मचारी हैं जिन्हें सिंगापुर और मलेशिया की 6 दिनों की यात्रा पर 28 जनवरी को भेजा गया है। यह बात रेलवे द्वारा जारी किए गए एक बयान से पता चली है।
बयान में दक्षिण मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी एम उमाशंकर कुमार ने बताया कि इस ट्रिप का 25 प्रतिशत खर्च कर्मचारियों द्वारा जबकि 75 प्रतिशत कर्मचारी लाभ फंड द्वारा वहन किया जाएगा। उन्होंने आगे कहा कि इसमें ग्रुप सी और डी श्रेणी के 100 कर्मचारी शामिल हैं। जिसमें से कुछ ऐसे हैं जो सेवा निवृत्त होने वाले हैं।
विदेश यात्रा के दौरान कर्मचारी सिंगापुर में मशहूर टूरिस्ट स्थल जैसे कि यूनिवर्सल स्टूडियो, सेंतोसा और नाइट सफारी शामिल होगी। वहीं मलेशिया जाने वाले कर्मचारी कुआला लंपुर शहर के टूर पर, पेटरोनास टावर्स, बाटू गुफा और गेंटिंग हाईलैंड जाएंगे। कर्मचारी लाभ फंड का आवंटन रेवले बोर्ड द्वारा नॉन गैजेटिड कर्मचारियों की विभिन्न कल्याणकारी गतिविधियों के लिए किया जाता है।