कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा है कि उनकी मां एवं पार्टी प्रमुख सोनिया गांधी को दिल्ली से अच्छा गोवा लगता है क्योंकि उन्हें महसूस हुआ है कि गोवा में प्रदूषण नहीं हैं और यहां के लोग ‘बहुत अच्छे’ हैं।
राहुल ने शुक्रवार शाम फटोर्डा गांव में एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कहा, ‘गोवा में आकर मुझे बहुत खुशी हुई है... कुछ ही दिन पहले कांग्रेस अध्यक्ष भी यहां आई थीं।’ यह गांव यहां से करीब 30 किलोमीटर दूर है। राहुल ने अपने भाषण के शुरू में कहा, ‘जब दिल्ली वापस आईं तो मैंने उनसे पूछा कि कैसी हैं आप, तो कहती हैं कि मैं गोवा वापस जाना चाहती हूं।’
कांग्रेस उपाध्यक्ष ने कहा, ‘उन्होंने (सोनिया गांधी) कहा, मुझे गोवा की हवा अच्छी लगी, गोवा में प्रदूषण नहीं है... गोवा के लोग बहुत अच्छे हैं।’ नवंबर के मध्य में सोनिया ने तटीय राज्य का दौरा किया था। अपने दौरे के दौरान वह दक्षिण गोवा के एक रिजॉर्ट में ठहरी थीं।