तेलंगाना में एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) के अधिकारियों ने राज्य के मेडचल-मलकजगिरी जिले में एक स्थानीय राजस्व अधिकारी (तहसीलदार) के घर पर छापा मारा। छापे में एसीबी के अधिकारियों ने वहां से 1.1 करोड़ से अधिक की नकदी जब्त की है। जिले के केसरा क्षेत्र के प्रभारी मंडल अधिकारी इरवा बलाराजू नागराजू को शहर के एएस राव नगर में उनके किराए के आवास पर रिश्वत लेते पकड़ा गया था।
छापे में एक ग्राम अधिकारी और दो रियल एस्टेट एजेंट सहित तीन अन्य को भी गिरफ्तार किया गया। नकदी में 100 और 500 के नोटों के बंडल बरामद हुए। सामने आई तस्वीर में एक नीले रंग का बैग है, जो 500 के नोटों के बंडल से भरा हुआ है।
अधिकारियों ने बताया कि नागराजू ने 28 एकड़ भूमि के एक विवाद को निपटाने के लिए दो करोड़ की रिश्वत ली। सूत्रों के अनुसार उनके घर से 1.1 करोड़ की नकदी के अलावा सोना भी बरामद किया गया है। इसके साथ ही जमीन के दस्तावेज भी बरामद हुए हैं। तेलंगाना के मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव ने भ्रष्टाचार के कई आरोपों के बाद राज्य के राजस्व विभाग में सुधार करने की बात कही है।