हिंदू ह्दय सम्राट कहे जाने वाले बाला साहब ठाकरे की शिवसेना अब नई राह पर चल पड़ी है। बाला साहब के बाद उनके उत्तराधिकारी उद्धव ठाकरे बीएमसी चुनावों के लिए कट्टर हिंदुत्ववादी शिवसेना की तरफ मुस्लिमों को खींचने की कोशिश कर रहे हैं।
टाइम्स ऑफ इंडिया की खबर के मुताबिक शुक्रवार को शिवसेना ने महाराष्ट्र के उर्दू अखबारों में भारतीय जनता पार्टी के खिलाफ एक विज्ञापन छापा। इस विज्ञापन के जरिए मुस्लिम मतदाताओं को रिझाने के लिए शिवसेना उनका हमदर्द बनने की कोशिश करती दिख रही है। उर्दू के इस ऐड में लिखा है कि मुंबई सबसे ज्यादा टैक्स भरती है, इसके बावजूद उसे कुछ नहीं मिला। नौकरियां जा रही हैं और गरीब कतारों में मर रहे हैं।
आपको बता दें कि बीएमसी चुनावों के लिए शिवसेना ने पांच मुस्लिमों को टिकट दिया है। बीएमसी चुनावों में बीजेपी के खिलाफ चुनाव लड़ रही शिवसेना लगातार ऐसे मौके तलाश रही है जिससे मुस्लिम मतदाताओं को अपनी ओर किया जा सके।