मुंबई से सटे मीरा-भाईंदर महानगरपालिका चुनाव में करारी हार से बौखलाई शिवसेना ने जैन मुनि को धमकी दी है। शिवसेना प्रवक्ता व सांसद संजय राउत ने जैन मुनि नयनपद्मसागरजी महाराज की तुलना गुंडों से की और कहा वे जाकिर नाईक की तरह हैं।
वहीं, भाजपा ने इसे शिवसेना की बौखलाहट करार देते हुए कहा है कि किसी धर्मगुरु को धमकी बर्दास्त नहीं की जाएगी। दरअसल, मीरा-भाईंदर महानगरपालिका चुनाव के दौरान कथित रूप से जारी एक वीडियो संदेश में जैन मुनि नयनपद्मसागरजी महाराज अपने अनुयायियों से कह रहे हैं कि बीजेपी को वोट दें, क्योंकि यही पार्टी मीरा रोड-भाईंदर और पूरे देश में शाकाहार को बढ़ावा देगी।
पढ़ेंः- महाराष्ट्र: निकाय चुनाव में भाजपा की बंपर जीत, शिवसेना को झटका
यह आर-पार की लड़ाई है। अगर भाजपा को वोट नहीं दिए तो कत्लखाने खुलेंगे, मंदिर के सामने चिकन बेचे जाएंगे। इसलिए मीरा-भाईंदर को पवित्र और अपराधमुक्त बनाने के लिए भाजपा को वोट दें। संजय राउत ने जैन मुनि के इस बयान को आचार संहिता का उल्लंघन बताते हुए चुनाव आयोग से शिकायत की है।
उन्होंने कहा कि बीजेपी ने मुनि और मनी के बल पर जीत हासिल की। उन्होंने कहा कि इस तरह की भाषा बोलने वाले यदि सीमा पर तैनात सैनिकों को शाकाहार के लिए कहेंगे तो देश डूब जाएगा। जैन मुनि हमारी सहनशीलता की परीक्षा न लें।
पढ़ेंः- भाजपा में शामिल हो सकते हैं महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री राणे
दूसरी ओर, शिवसेना की धमकी पर भाजपा ने भी पलटवार किया है। मुंबई भाजपा अध्यक्ष आशिष शेलार ने कहा कि यह हार की बौखलाहट है। उन्होंने कहा कि यदि शिवसेना का यही रवैया रहा तो राजनीति में वह टिक नहीं पाएगी। बता दें कि मीरा-भाईंदर महानगरपालिका के 95 वार्डो में से 61 सीटों पर भाजपा ने जीत हासिल की थी। शिवसेना को मात्र 22 सीट पर विजय मिली थी। वहीं कांग्रेस को 10 और 2 निर्दलीय चुनाव जीते थे।