मनी लॉन्ड्रिंग मामले में शिवसेना नेता भावना गवली की मुश्किलें बढ़ती जा रही है। प्रवर्तन निदेशालय आज गवली के करीबी सईद खान को कोर्ट में पेश करेगा। गवली पर करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी का आरोप है।
मनी लॉन्ड्रिंग मामले में शिवसेना नेता भावना गवली के करीबी सईद खान को प्रवर्तन निदेशालय आज कोर्ट में पेश करेगा। ईडी ने सईद खान को सोमवार को गिरफ्तार किया था। ईडी का दावा है कि सईद खान इस मामले में बहुत राज उगल सकता है। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, ईडी पूछताछ के लिए कोर्ट से सईद खान की रिमांड भी मांग सकती है। हालांकि, ईडी के अधिकारियों की ओर से अभी इस तरह का कोई बयान सामने नहीं आया है, लेकिन उम्मीद है कि ईडी सईद खान से पूछताछ के लिए रिमांड की मांग कर सकती है।
विज्ञापन
गौरतलब है कि पिछले महीने महाराष्ट्र के यवतमाल- वाशिम से शिवसेना की सांसद भावना गवली के पांच ठिकानों पर प्रवर्तन निदेशालय ने छापा मारा था। इस दौरान कई कागजात और दस्तावेज जब्त किए गए थे। भाजपा नेता किरीट सोमैया ने ईडी से भावना गवली के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई थी।
भाजपा नेता किरीट सोमैया की शिकायत पर ईडी की कार्रवाई
भाजपा नेता किरीट सोमैया ने आरोप लगाया कि भावना गवली ने बैंकों और अन्य संस्थानों से 100 करोड़ रुपये लिए और उनका अवैध इस्तेमाल किया। भावना गवली ने 55 करोड़ के कारखाने की खरीद 25 लाख में की। किरीट सोमैया ने सीबीआई सहित अन्य संस्थाओं से भावना गवली के अवैध कारोबार की जांच करने की मांग की।