ओआरएफ सुधींद्र कुलकर्णी की प्रेसवार्ता में शिवसेना ने फिर हंगामा किया। मुंबई प्रेस क्लब में कुलकर्णी भारत और पाकिस्तान के पांच-पांच फोटोग्राफर्स के साथ प्रेस कांफ्रेस कर रहे थे। उसी समय दो शिवसैनिकों ने शिवसेना जिंदाबाद-पाकिस्तान मुर्दाबाद के नारे लगाते हुए कार्यक्रम को बाधित करने का प्रयास किया।
हालांकि पुलिस ने उन्हें तुरंत बाहर निकाल दिया। प्रेस क्लब के बाहर भी शिवसैनिक नारेबाजी कर रहे थे। उन्हें भी पुलिस ने हिरासत मे ले लिया। दरअसल, भारत-पाक के बीच मैत्री संबंध की बात शिवसेना को रास नहीं आई।
इसलिए उसके कार्यकर्ताओं ने रंग में भंग डालने की कोशिश की। इससे पहले पाकिस्तान के पूर्व विदेश मंत्री ख़ुर्शीद महमूद कसूरी को किताब के विमोचन के लिए मुंबई बुलाने पर शिवसैनिकों ने सुधींद्र कुलकर्णी के चेहरे पर कालिख पोत दी थी।
शिवसैनिकों के हंगामे पर कुलकर्णी ने कहा कि वे पाक प्रायोजित आतंकवाद का विरोध करते है लेकिन हम शांतिप्रिय पाकिस्तानियों को बुलाने के साथ ही दोनों देश के बीच मैत्री संबंध बनाने का काम करते रहेंगे। उन्होंने कहा कि मुझे मराठी और महाराष्ट्रियन होने का अभिमान है लेकिन जो यह समझते है कि केवल वही देशभक्त है और पाक के साथ काम करने वाले गद्दार है। उनकी धमकी से हम नहीं डरेंगे।