शीना वोरा मर्डर केस में आरोपी बनाए गए स्टार इंडिया के पूर्व सीईओ और इंद्राणी मुखर्जी के पति पीटर मुखर्जी ने कानूनी लड़ाई लड़ने के लिए अपना घर बेचने का फैसला किया है। उनका यह घर मुंबई के वर्ली इलाके में स्थित है।
पीटर का यह घर वर्ली के मार्लो बिल्डिंग में स्थित है जो करीब 3,000 वर्ग फीट में फैला हुआ है। इस मकान की कीमत 15 से 20 करोड़ के बीच आंकी गई है। पीटर ने अपनी कानूनी लड़ाई लड़ने के लिए शहर के सबसे महंगे वकील को नियुक्त किया है जिसकी एक सुनवाई की फीस 3 से 5 लाख रुपए है।
गौरतलब है कि शीना मर्डर केस में पीटर पर हत्या की साजिश रचने और सबूतों के साथ छेड़छाड़ करने का आरोप है। शीना उनकी पत्नी इंद्राणी मुखर्जी के पहले पति की बेटी थी जिसकी पिछले साल हत्या कर दी गई थी।
आईएनएक्स मीडिया की हिस्सेदारी बेच दी
इंद्राणी और पीटर मुखर्जी
- फोटो : Getty Images
पीटर ने जिस मकान बेचने का फैसला किया है वह इंद्राणी और उनके दूसरे पति संजीव खन्ना की बेटी विधि के नाम पर है। यह मकान विधि को उपहार स्वरूप दिया गया था। विधि ने बाद में इस मकान को अपने भाई रॉबिन मुखर्जी को दे दिया था, जो पीटर और उनकी पहली पत्नी शबनम के बड़े बेटे हैं।
सोसाइटी के अधिकारियों ने भी इस मकान को बेचने की सूचना जारी कर दी है। पीटर ने सोसाइटी को पहले ही मकान को बेचने के पीछे अपनी मंशा बता दी थी। 2008 में आईएनएक्स मीडिया में अपने हिस्सेदारी बेचने के साथ ही पीटर ने अपने रिटायरमेंट की घोषणा कर दी थी।
जिसके बाद पीटर और इंद्राणी की आर्थिक स्थिति लगातार खराब होती चली गई। आईएनएक्स मीडिया कंपनी में इंद्राणी मुखर्जी पीटर की बॉस थीं जिसकी वजह से सारे आर्थिक मामलों का फैसला उन्हीं के जिम्मे था। इसकी वजह से पीटर को ज्यादा फायदा भी नहीं हुआ।