कोलकाता की टीपू सुल्तान मस्जिद के शाही इमाम मौलाना नूर-उर रहमान बरकती ने शुक्रवार को कहा कि वो अपने कार से लाल बत्ती तब ही हटाएंगे यदि उनके सुरक्षा की जिम्मेदारी पीएम मोदी और दूसरे मंत्री लें। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और उनके कैबिनेट मंत्री पहले ब्लैक कैट कमांडो और हेलीकॉप्टर लेना छोड़ें तो हम भी लाल बत्ती हटा देंगे।
बता दें कि केन्द्र सरकार के द्वारा लगाए गए प्रतिबंध के बाद भी इमाम ने सरकार के आदेश को ठुकरा दिया था। हालांकि इस मामले में टीपू सुल्तान मस्जिद के शाही इमाम मौलाना नूर-उर रहमान बरकाती के खिलाफ एक प्राथमिकी भी दर्ज की गई है। इमाम के खिलाफ तॉप्सिया के सूरज कुमार सिंह ने प्राथमिकी दर्ज की है। सरकारी आदेश को खारिज करते हुए बरकाती ने कहा कि वह केन्द्र के आदेश का पालन करने के लिए बाध्य नहीं है।
बरकाती ने टाइम्स ऑफ इंडिया से बातचीत में कहा, "मैं एक धार्मिक नेता हूं और पिछले कई दशकों से लाल बत्ती का इस्तेमाल कर रहा हूं। मैं केंद्र के आदेशों का पालन नहीं करता। वे कौन हैं जो मुझे आदेश दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि बंगाल में केवल राज्य सरकार के आदेश का पालन होगा। मैं लाल बत्ती का प्रयोग करूंगा। बंगाल में कोई भी लाल बत्ती को हटा नहीं पाया।
गौरतलब है कि देश में लाल बत्ती का प्रयोग बैन कर दिया गया है। 1 मई से देश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा वीआईपी कल्चर को खत्म करने के लिए सभी सरकारी गाड़ियों से लाल बत्ती हटाने के आदेश जारी किए गए थे।